प्रयागराज (मानवीय सोच) अटाला में जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल के आरोपियों के घरों की ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हिंसा के मास्टर माइड जावेद पंप के घर पर बुलडोजर चल रहे हैं। मौके पर भारी संख्या में पुलिसबल मौजूद है। सबसे पहले, जावेद के घर का गेट तोड़ा गया। जावेद के परिजन घर के अंदर ही मौजूद हैं। दो बुलडोजर घर तोड़ने की कार्रवाई जारी है।
आपको बता दें कि रविवार को ही प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने नोटिस जारी कर 12 जून को सुबह 11 बजे तक मकान खाली करने का आदेश दिया गया था, लेकिन उससे पहले ही पीडीए ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने पांच दर्जन से अधिक आरोपियों की सूची तैयार की है। इनकी गिरफ्तारी समेत अन्य कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला प्रशासन, प्रयागराज विकास प्राधिकरण तथा नगर निगम की टीम शनिवार को दिन भर अटाला तथा अन्य क्षेत्रों में मौजूद रही तथा आरोपियों के घरों को चिन्हित किए।
इससे पहले, प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने प्रयागराज हिंसा के आरोपी मोहम्मद जावेद उर्फ जावेद पंप के घर पर ध्वस्तीकरण का नोटिस लगाया था और उसे 12 जून को सुबह 11 बजे तक घर खाली करने के लिए कहा है, यह घर अवैध रूप से निर्मित है।
आपको बता दें कि अटाला में एक दिन पहले जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल का मास्टरमाइंड मो. जावेद उर्फ जावेद पंप शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जावेद को उसके करेली स्थित घर से पकड़ा गया। उधर रातभर चली दबिश के दौरान 32 अन्य आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस अफसरों ने बताया कि शनिवार देर रात तक कुल 68 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नामजद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जबकि वीडियो व सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है।
बेटी ने पिता को बताया निर्दोष, वीडियो किया जारी
जुमे के दिन अटाला में हुए बवाल के मास्टरमाइंड बताए जा रहे जावेद मोहम्मद की बड़ी बेटी ने अपने पिता को निर्दोष बताया है। सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो जारी कर उसने अपने पिता और परिवार को फर्जी फंसाए जाने का आरोप लगाया है। यह भी आरोप है कि पुलिस ने नियमविरुद्ध तरीके से न सिर्फ उसके पिता बल्कि मां और छोटी बहन को भी हिरासत में ले लिया। इसके बाद से उनका कुछ अता-पता नहीं है। न ही पुलिस उनके बारे में कोई जानकारी दे रही है।
उसने शनिवार को इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र भी भेजा है, साथ ही इस मामले का तुरंत संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में उसने बताया है कि शुक्रवार रात 8.50 मिनट पर पुलिस उसके घर पहुंची और बिना किसी नोटिस या वारंट के उसके पिता को हिरासत में लेकर चली गई। जब परिवार के अन्य लोग और परिचित कोतवाली पुलिस स्टेशन पहुंचे तो उन्हें उनसे मिलने नहीं दिया गया। यही नहीं पुलिस अफसर यह भी बताने से इंकार करते रहे कि उसका पिता उनकी हिरासत में है या नहीं।
जावेद के खिलाफ कार्रवाई के बाद अन्य आरोपियों के घर भी खलबली मच गई है। आरोपियों के परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस ने तीन दर्जन से अधिक आरोपियों के मकानों को चिन्हित किया है। मुख्य आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई से अन्य आरोपियों में भी दहशत है।