14वीं हॉकी इंडिया कांग्रेस की पूर्व संध्या पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों से मुलाकात की। अधिकारियों का स्वागत करते हुए सीएम ने इस आयोजन को महत्वपूर्ण बताया। वहीं आज सीएम द्वारा हॉकी इंडिया जूनियर मेंस इंटर जोन नेशनल चैंपियनशिप का उद्घाटन भी करेंगे। हॉकी इंडिया के अधिकारियों से बातचीत में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार मेजर ध्यानचंद के नाम पर मेरठ में पहला खेल विश्वविद्यालय बना रही है, जबकि केडी सिंह ‘बाबू’ के पैतृक घर बाराबंकी में एक स्मारक और संग्रहालय के रूप में विकसित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक खिलाड़ी पर गर्व व्यक्त किया, चाहे वह किसी भी राज्य का हो। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों से कहा कि देश के लिए सर्वश्रेष्ठ हॉकी टीम तैयार करें और खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराएं। “राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हॉकी इंडिया का समर्थन करने के लिए तैयार है और विभिन्न जिलों में हॉकी स्टेडियम बनाने की संभावना तलाशने के लिए खेल विभाग के साथ काम करेगी। हॉकी भारत का राष्ट्रीय खेल है और भारत में एक विशेष स्थान रखता है।”