उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) ई-खसरा पड़ताल (डिजिटल क्रॉप सर्वे) हेतु चयनित 21 जनपदों में शत-प्रतिशत एवं 54 जनपदों मे 10 राजस्व ग्राम में पड़ताल का कार्य तेज गति से जारी है। प्रदेश के 45 जिलों में योगी सरकार ने शत-प्रतिशत सर्वे का कार्य पूरा कर लिया है। वहीं, 10 जिलों में भी कार्य 99 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल्द से जल्द बाकी बचे जनपदों में भी सर्वे के कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया है।
सर्वे के कार्य में लगे प्रत्येक सर्वेयर को प्रतिदिन न्यूनतम 50 सर्वे नंबर (गाटा संख्या) का सर्वे करने का लक्ष्य दिया गया है, जिसकी मॉनीटरिंग साप्ताहिक आधार पर मुख्य सचिव (राजस्व परिषद एवं कृषि विभाग) के माध्यम से एवं प्रतिदिन स्वयं जिलाधिकारी कर रहे हैं। पूरे प्रदेश में इस कार्य में कुल 17500 सर्वेयर लगाये गये हैं, जिसमें 8000 राजस्व विभाग ,3500 कृषि विभाग और 6000 पंचायती राज से हैं। इन्हें प्रदेश के 27641 राजस्व ग्रामों में कुल 1.19 करोड़ से अधिक खेतों का डिजिटल क्रॉप सर्वे करना है।
