काम्या कार्तिकेयन नेपाली पक्ष से दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय बन गई हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 16 साल की उम्र में हासिल की। जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील एड्वेंचर फाउंडेशन (TSAF) ने गुरुवार को जानकारी दी। काम्या ने अपने पिता एवं भारतीय नौसेना के कमांडर एस. कार्तिकेयन के साथ एवरेस्ट की चोटी को फतह किया। पिता और पुत्री 20 मई को एवरेस्ट की 8,849 मीटर ऊंची चोटी पर पहुंचे। काम्या मुंबई के नौसेना बाल विद्यालय में बारहवीं कक्षा की छात्रा हैं। काम्या प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल शक्ति पुरस्कार से सम्मानित की जा चुकी हैं। पीएम नरेन्द्र मोदी ने फरवरी 2020 में अपने मन की बात कार्यक्रम के दौरान कहा था कि काम्या कार्तिकेयन सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। नेपाली पर्वतारोही फुंजो लामा गुरुवार को 14 घंटे और 31 मिनट में एवरेस्ट की चोटी पर पहुंच गई। इस तरह उन्होंने किसी महिला द्वारा पर्वत पर सबसे तेज चढ़ाई करने का विश्व का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पर्वतारोहियों को आमतौर पर 8,849 मीटर (29,000 फुट) पर्वत की चोटी तक पहुंचने में कई दिन लगते हैं। लामा ने 2021 के बाद से अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड को 11 घंटे से अधिक सुधार कर यह उपलब्धि हासिल की।
