गोरखपुर : (मानवीय सोच) सीएम योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र के पहले दिन गोरखपुर महानगर को 233.20 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उनके समक्ष नगर निगम और एनटीपीसी के मध्य कूड़े से चारकोल बनाने के प्लांट की स्थापना के लिए एमओयू भी हुआ।
सीएम ने नगर निगम की 303 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण समारोह एवं एमओयू आदान प्रदान समारोह में कहा कि नगरीय विकास आज की आवश्यकता है। भारत को दुनिया की आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए नगरीय विकास की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इससे लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ तो मिलेगा ही, बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की संभावना भी बढ़ेगी।
रविवार सुबह नगर निगम परिसर में आयोजित समारोह में सीएम ने 189 विकास कार्यों का शिलान्यास व 114 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उनके समक्ष नगर निगम एवं नेशनल थर्मल पॉवर कॉरपोरेशन के बीच कूड़े से चारकोल बनाने का प्लांट स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान प्रदान भी हुआ।
