अकबरनगर में 312 मकान हुए जमींदोज

अकबरनगर में एलडीए की ओर से अवैध निर्माणों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चौथे दिन भी जारी है। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में अभी तक अकबरनगर द्वितीय में कुल 312 मकानों को जमींदोज कर दिया गया है। साथ ही ध्वस्तीकरण कार्रवाई की जद में 2 मस्जिद, 2 मदरसे और 1 स्कूल भी आ रहे हैं, जिन्हें तोड़ा जाना है। अब एलडीए ने अकबरनगर प्रथम में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं अकबरनगर से विस्थापित लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों में शिफ्ट भी किया जा रहा है। बता दें कि अकबरनगर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर 12 बड़ी पोकलेंड मशीन, 9 जेसीबी मशीन, 15 वाटर टैंकर लगाए गए हैं। इसके अलावा मौके पर भारी पुलिस बल के साथ PAC-RAF की 8 कंपनियां भी तैनात हैं। वहीं एलडीए उपाध्यक्ष इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह समेत पुलिस के कई आलाधिकारी भी लगातार मौजूद हैं।

अकबरनगर में ध्वस्तीकरण कार्रवाई के पहले दिन कुल 45 अवैध मकानों को जमींदोज किया गया था। इस दौरान 6 पोकलेन मशीनें और 16 बुलडोजर से घर ढहाने का काम शुरू किया गया था। इसके बाद दूसरे दिन करीब 8 घंटे की कार्रवाई में 105 मकानों को तोड़ा गया। इस दौरान एक जेसीबी पलट भी गया। वहीं बुधवार को तीसरे दिन सुबह 7 बजे से रात करीब 7.30 बजे तक 162 घरों को तोड़ा गया। इस दौरान 6 मशीनें भी खराब हुईं।