सहारनपुर : (मानवीय सोच) एक दरोगा का बुजुर्ग के साथ मारपीट करने का फुटेज सामने आया है। दरोगा जितेंद्र शर्मा ने बुजुर्ग की 75 साल की उम्र का भी लिहाज नहीं किया। पहले एक के बाद एक कई थप्पड़ मारे। फिर धक्का देकर गिरा दिया। थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मोहल्ले में शमशाद अली की 48 साल से एक दुकान किराए पर है। पुलिस इसी दुकान को खाली कराने पहुंची थी। बुजुर्ग का आरोप है, पुलिस उसकी दुकान खाली कराकर कुछ लोगों को दिलाना चाह रही है। जो इस पर कब्जा करना चाहते हैं।
पीड़ित दुकानदार के अनुसार, 16 जुलाई को थाना कुतुबशेर का एक दरोगा और तीन सिपाही उसकी दुकान पर पहुंचे। दुकानदार को घर से बुलाया गया और दुकान का ताला खुलवाया। दुकानदार ने ताला खोल दिया। लेकिन जब ताला खोला तभी एक महिला दुकान पर अपना ताला लगाना चाह रही थी। तभी दुकानदार ने इसका विरोध शुरू कर दिया। दुकानदार के विरोध करने पर दरोगा भड़क गया और उसने 75 साल के बुजुर्ग को थप्पड़ जड़ दिया।
