बरेली (मानवीय सोच) बरेली में लाइनमैन का बदला शहर की चर्चा बन गया है। एक लाइनमैन ने पुलिस वालों से बदला निकाला क्योंकि पुलिस वालों ने उसका चालान काटा था। चेक पोस्ट के सभी पुलिसकर्मियों को भीषण गर्मी के बीच अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। मामला आंवला तहसील के सिरौली थाना क्षेत्र के हरदासपुर गांव का है। शुक्रवार को लाइन मैन भगवान स्वरूप उर्फ पिंकी हरदासपुर गांव में लाइन का फाल्ट ठीक करने गया था।
काम से वो वापस लौट रहा था कि गांव के बाहर अस्थायी रूप से बनी चौकी के पास दारोगा मोदी सिंह ने उसे रोक लिया। हेलमेट और कागज नहीं होने पर लाइनमैन की बाइक का चालान काटा गया। बिजली संविदाकर्मी पिंकी इस चालान से नाराज हो गया और अपने साथियों को बुला लिया। लाइनमैन ने अपने साथियों को बताया कि चौकी में बिजली का कनेक्शन नहीं है और उसी के बिना अवैध तरीके से खंभे से तार डालकर बिजली चलाई जा रही है।
कई दूसरे लाइनमैनों के साथ पिंकी चेक पोस्ट पर पहुंचा और बिजली कनेक्शन का तार काटकर अपने साथ ले गया। वहीं अवैध बिजली इस्तेमाल कर रहे पुलिस वाले भी बिजली कटने पर कुछ नहीं बोल पाए और न विरोध कर सके। भीषण गर्मी में पुलिस चौकी अंधेरे में रही और रात भर पुलिस वाले गर्मी में भटकते रहे। वहीं पुलिस वालों का कहना है कि उन्होंने जेई लक्ष्मीचंद्र से कई बार पोन पर बात करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं हो पाई।
इस मामने में चीफ इंजीनियर संजय जैन ने कहा कि जांच की जा रही है। फिलहाल यह बात सामने आई है कि चेक पोस्ट का बिजली का कनेक्शन नहीं था। अवैध कनेक्शन कटने के कारण पुलिस चौकी भी जांच के घेरे में है।
