विकास दुबे की पत्नी रिचा की जमीन जब्त करने पर हाईकोर्ट की रोक

कानपुर   (मानवीय सोच)  विकास दुबे की पत्नी रिचा दुबे की जमीन को जब्त करके सील करने की प्रशासन की कवायद पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। हाईकोर्ट ने संपत्ति को सील करने पर रोक लगा दी है। अब प्रशासन कोर्ट में काउंटर दाखिल कर आगे की गाइडलाइन मांगेगा।

विकास दुबे व उनके रिश्तेदारों की एक दर्जन से ज्यादा संपत्तियों को जब्त करके सील करने का आदेश पूर्व डीएम नेहा शर्मा की कोर्ट ने जारी किया था। जिले की सभी संपत्तियां सील हो गई हैं। 2010 में खरीदी गई शास्त्री नगर मतैयापुरवा की जमीन को राजेश नाम के व्यक्ति ने खरीदने का दावा किया था। इसके बावजूद प्रशासन ने उसे तीन दिन का नोटिस दिया था।
इसी बीच मौके पर काबिज मालिक ने प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर स्टे मांगा था। जिसे हाईकोर्ट ने स्वीकार करके फिलहाल संपत्ति को सील करने पर रोक लगा दी है। इससे जिला प्रशासन बैकफुट पर है। जमीन के मालिक ने मामले की जांच कर रहे तहसीलदार बिल्हौर लक्ष्मीकांत बाजपेई को स्टे की जानकारी दी है। एडीएम फाइनेंस दयानंद प्रसाद ने बताया कि फिलहाल हाईकोर्ट ने शास्त्री नगर की जमीन को जब्त और सील करने पर रोक लगा दी है। अब मामले पर हाईकोर्ट के आदेश पर आगे की कार्रवाई होगी।

एक दर्जन संपत्तियां हो चुकीं जब्त-
इससे पहले विकास दुबे, उसकी पत्नी, बेटे, पिता, बहनोई और बहन के नाम पर करीब एक दर्जन संपत्तियों को जब्त करके सील किया जा चुका है। करीब 70 करोड़ की संपत्तियां जब्त हो चुकी हैं। इसी तरह से कानपुर देहात की संपत्तियां भी जब्त हो चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *