नई दिल्ली (मानवीय सोच) अगर इस बार आप भी कांवड़ यात्रा पर जाने की सोच रहे हैं तो अपना रजिस्ट्रेशन कराना ना भूलें। दिल्ली पुलिस ने पहली बार मंगलवार को कांवड़ियों के रजिस्ट्रेशन के लिए खास प्रणाली की शुरुआत की है। कांवड़िया दिल्ली पुलिस की वेबसाइट पर जाकर महज कुछ समय में फ्री में अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन प्रणाली की जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्वीट किया, ”कांवड़ यात्रा को और भी सुरक्षित व सुगम बनाने की दिशा में दिल्ली पुलिस ने ठोस कदम उठाते हुए पहली बार यात्री रजिस्ट्रेशन व्यवस्था की है। यात्रियों को डेटा प्राप्त होने से अधिकारियों को किसी भी परिस्थिति में त्वरित मदद पहुंचाने में आसानी होगी।”
अपने इस ट्वीट में दिल्ली पुलिस ने कांवड़ियों के फ्री रजिस्ट्रेशन के लिए एक वेबसाइट का लिंक भी शेयर किया है। kavad.delhipolice.gov.in
इससे पहले दिल्ली सरकार ने कहा था कि वह कांवड़ यात्रियों के लिए 175 शिविर लगाएगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्हें आगामी यात्रा के दौरान असुविधा न हो।
कोविड-19 महामारी की वजह से करीब दो साल के अंतराल के बाद इस साल कांवड़ यात्रा 14 जुलाई से 26 जुलाई के बीच होगी। अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की पिछले सप्ताह हुई बैठक में फैसला किया गया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
कांवड़ यात्रा को और भी सुरक्षित व सुगम बनाने की दिशा में दिल्ली पुलिस ने ठोस कदम उठाते हुए पहली बार यात्री पंजीकरण व्यवस्था की है। यात्रियों के विवरण प्राप्त होने से अधिकारियों को किसी भी परिस्थिति में त्वरित मदद पहुंचाने में आसानी होगी।https://t.co/0wg6ZNNBoP@uttarakhandcops pic.twitter.com/nm7yRSJ6mY
— Delhi Police (@DelhiPolice) July 5, 2022
दिल्ली पुलिस की पीआरओ ने सुमन नलवा आज बताया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर हमने कांवड़ सेवा समितियों और दिल्ली सरकार के साथ कई बैठकें की हैं। यातायात नियमन, सुरक्षा व्यवस्था और उनके शिविरों के लिए काम चल रहा है। इस बार हमने अपनी वेबसाइट पर मुफ्त रजिस्ट्रेशन की एक नई पहल की है।
पीआरओ ने कहा कि किसी भी तरह की दुर्घटना के मामले में कांवड़ियों का यह डेटाबैंक भक्तों की पहचान करने और सुविधा प्रदान करने में मदद करेगा। पंजीकरण अभी अनिवार्य नहीं है। हम भारत भर में सभी संवेदनशील घटनाओं से अवगत हैं और सतर्क हैं। हम सुचारू व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
