गोरखपुर (मानवीय सोच) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से सूबे के सभी कोटेदारों को बड़ा तोहफा दे सकते हैं। 14 जुलाई को रामगढ़ताल किनारे स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में कोटेदारों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री, कोटेदारों के कमीशन में 20 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी कर सकते हैं। वर्तमान में कोटेदारों को राशन वितरण में प्रति क्विंटल 70 रुपये मिलते हैं।
मुख्यमंत्री 12 जुलाई को गोरखपुर आएंगे। उनके यहां तीन दिन प्रवास करने की उम्मीद है। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। कोटेदारों से सीधा संवाद करते हुए कोरोना संक्रमण के दौर एवं बाढ़ के समय खाद्यान्न वितरण की सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री, उनकी सराहना भी करेंगे। इसी दौरान वह कमीशन बढ़ाने की घोषणा भी कर सकते हैं। कोटेदारों के प्रति क्विंटल कमीशन बढ़ाने की कवायद पिछले साल वर्ष 2021 से ही चल रही थी। खाद्य एवं रसद विभाग देश के सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में कोटेदारों को मिलने वाले कमीशन की जानकारी एकत्र करने में जुटा था।
