लखनऊ (मानवीय सोच) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने से मरे 5 लोगों के पारिवारीजनों को 24 घंटों के भीतर 4-4 लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इसमें गोरखपुर व ललितपुर में 2-2 और संभल में एक मौत हुई है। ललितपुर में 8 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है।
शनिवार को बिजली गिरने से थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम भुचेरा में एक युवक की और पूराकलां में एक वृद्धा की मौत हो गई। वहीं कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जमालपुर, रामपुर में आधा दर्जन से अधिक लोग झुलस गए। दो बच्चों की हालत गम्भीर होने पर उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
शनिवार को मौसम सुबह से साफ था। दोपहर बाद मौसम में बदलाव आया। दो बजे के बाद बूंदाबांदी होने लगी। ग्राम भुचेरा निवासी बालमुकुंद (44) पुत्र आत्माराम नायक अपने खेत पर जानवर चरा रहा था। बारिश से बचने के लिए वह बरगद के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी वहां पर बिजली गिरी। चपेट में आने से बालमुकुंद की मौके पर ही मौत हो गई। इससे परिवार में शोक छा गया। मृतक की दो पुत्र और एक पुत्री है।
दूसरी घटना ग्राम पूराकलां के मजरा सेवरा खिरक में हुई। वहां खेत में जानवर चरा रही सेबाबाई (60) पत्नी रामसिंह के ऊपर बिजली गिरी। इससे सेबाबाई की मौत हो गई। मृतका के दो पुत्र हैं। एक पुत्र की शादी हो चुकी है। इससे परिवार में शोक छा गया। बाद में मौके पर गई पुलिस ने दोनों शव को परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
जमालपुर में खेल रहे बच्चे भी झुलसे
कोतवाली अंतर्गत ग्राम जमालपुर और रामपुर में भी बिजली गिरने से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। ग्राम जमालपुर में दोपहर में मौसम सुहावना होने के कारण बच्चे मैदान में खेल रहे थे। इसी बीच जोर से बारिश होने लगी जिससे बचने के लिए बच्चे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। उसी समय समीप में बिजली गिरी जिसकी दमक से अखिलेश उर्फ आनंद (14) पुत्र नब्जी कुशवाहा, राघवेंद्र (12) पुत्र राजाराम, जगदीश (13) पुत्र मदन, देवेश (13) पुत्र हरपाल, मर्दन (18) पुत्र रामलाल कुशवाहा समस्त निवासीगण ग्राम जमालपुर और बबलू (55) वर्ष पुत्र मगनलाल ढीमर निवासी विजयपुरा भी घायल हुआ। यह अपनी रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में शामिल होने विजयपुरा से जमालपुर आया था।
