मेरठ (मानवीय सोच) सावन की शुरूआत होते ही बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेने हरिद्वार पहुंचना शुरू हो चुके हैं। प्रशासन ने भी कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर पूरी तैयारी कर ली है। खबर है कि पुलिस अब कांवड़ियों की भेष में कांवड़ियों के बीच रहेगी ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति या साजिश को वक्त रहते रोका जा सके। इसके अलावा कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों के पंडाल में कांवड़ियों के भेष में ही रुकवाया जाएगा ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। इसके अलावा पुलिस ने पूरे रूट पर सीसीटीवी कैमरा लगाया है।
यूपी पुलिस ने कांवड़ियों के लिए अलग रूट तय किया है जिसमें वाहनों के चलने की मनाही है। इन मार्गों पर सिर्फ कांवड़िये ही चलेंगे। इसके अलावा भारी भीड़ को मैनेज करने के लिए भी पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग को चिन्हित करके रखा हुआ है। इसके अलावा थोड़ी-थोड़ी दूरी पर पुलिस चेक पोस्ट बनाए गए हैं। बीच-बीच में कई जगहों पर कांवड़ियों की सेवा के लिए विश्राम स्थल भी बनाए गए हैं जहां कांवड़िए आराम कर सकते हैं। यहां उनके खाने-पीने और ठहरने के इंतजाम हैं।
प्रशासन ने कांवड़ियों की आस्था को ध्यान में रखते हुए कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली सभी शराब की दुकानों और मीट की दुकानों को बंद करा दिया है। इन दुकानों पर तिरपाल भी लगा दी गई है ताकि किसी कांवड़िये की नजर भी उसपर ना पड़े।
