सड़क हादसे में कांवड़ियों की मौत मामले में हाथरस एसपी पर गिरी गाज, हटाए गए

लखनऊ   (मानवीय सोच)  सड़क हादसे में छह कांवड़ियों की मौत की गाज हाथरस के पुलिस अधीक्षक पर गिरी। उन्हें हटा दिया गया है। विकास कुमार वैद्य अभी हाथरस के एसपी थे। उनका तबादला कर उन्हें सेनानायक, मिर्जापुर के पद पर भेजा गया है।

उनकी जगह देवेश कुमार पांडेय की तैनाती हुई है। बता दें कि बीते दिन हुए एक सड़क हादसे में छह कांवड़ियों की मौत हो गई थी जिस पर एसपी को हटाया गया है।

शुक्रवार रात हरिद्वार से गंगाजल लेकर ग्वालियर जा रहे कुछ कांवड़ियों को अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक डंपर ने रौंद दिया। इस भीषण हादसे में पांच कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। एक कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में घटना से आक्रोशित कांवड़ियों ने आगरा और ग्वालियर में जाम लगाया।

ग्वालियर से कांवड़ियों का एक जत्था हरिद्वार गंगाजल लेने के लिए गया था। शुक्रवार को यह लोग लौट रहे थे। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सादाबाद कोतवाली क्षेत्रांतर्गत गांव बढ़ार के निकट रात्रि पौने दो बजे के लगभग पीछे से आ रहे एक डंपर ने इन कांवड़ियों को रौंद दिया। डंपर की चपेट में सात कांवड़िए आ गए।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही सादाबाद पुलिस के अलावा डीएम रमेश रंजन, एसपी विकास कुमार वैद्य घटनास्थल पर पहुंच गए। अधिकारियों ने इन कांवड़ियों के जत्थे में शामिल अन्य कांवड़ियों से दुर्घटना को लेकर जानकारी हासिल की और थोड़ी देर में ही एडीजी आगरा राजीव कृष्ण और डीआईजी अलीगढ़ दीपक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पांचों शवों का रात्रि में ही हाथरस के पोस्टमार्टम गृह पर पोस्टमार्टम कराया गया।

सुबह करीब छह बजे इन पांचों शवों को यहां से भिजवा दिया गया। पुलिस डंपर की तलाश में लग गई और थोड़ी देर में पुलिस ने डंपर को भी चालक सहित पकड़ लिया। यह डंपर भी ग्वालियर का बताया जा रहा है। इसका चालक सिकंदराराऊ में गिट्टी उतारकर लौट रहा था। मामला चूंकि गंभीर था, ऐसे में शासन के अधिकारी भी घटना की जानकारी लेते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *