लखनऊ (मानवीय सोच) शहीद पथ के किनारे अवध विहार योजना क्षेत्र में स्थित भागीरथी एनक्लेव में एक महिला का शव मिला है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लखनऊ के साउथ जोन के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भागीरथी एनक्लेव में सोमवार दोपहर 2:00 बजे स्थानीय लोगों ने सीढ़ियों के पास खून से लथपथ एक महिला का शव देखा। जिसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस महिला के बारे में जुटा रही जानकारी
सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी शैलेंद्र गिरी ने बताया कि भागीरथी एनक्लेव से महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल से एक बैग बरामद हुआ है। जिसमें कुछ दस्तावेज मिले हैं। लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की 25 वर्षीय राशि के रूप में हुई है।
मृतक महिला की हुई शिनाख्त, कपड़े फटे और पैर टूटे मिले
भागीरथी अपार्टमेंट में खून से लथपथ मिली महिला की शिनाख्त लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की 25 वर्षीय राशि के रूप में हुई है। महिला के दोनों पैर टूटे मिले और कपड़े भी फटे हुए थे। महिला ने अपार्टमेंट में दोपहर 11:48 पर एंट्री की। जिसके बाद टावर 8 की लिफ्ट से 14वें माले पर पहुंची। जहां महिला के चप्पल बरामद हुए हैं। जानकारी के मुताबिक भागीरथी एनक्लेव में अभी तक 14वें फ्लोर पर एक भी फ्लैट बिका नहीं है। हत्या और हादसे के पहलुओं पर जांच चल रही है।
मृतक महिला पेशे से नर्स थी
एडीसीपी साउथ राजेश श्रीवास्तव ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि महिला के पास मिले दस्तावेजों से प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है, कि महिला पेशे से नर्स थी। महिला के पास एक आधार कार्ड और भी कई अहम दस्तावेज मिले हैं। जिनके बारे में पड़ताल की जा रही है।
एडीसीपी साउथ बोले पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद करेंगे कार्रवाई
अपर पुलिस उपायुक्त, दक्षिणी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गार्ड की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के पास मिले अहम दस्तावेजों से महिला की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में महिला भागीरथी एनक्लेव में अंदर आते हुए कैद हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से बातचीत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज छुपा रही पुलिस
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। एडीसीपी साउथ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने भागीरथी एनक्लेव के सुरक्षाकर्मियों को सख्त हिदायत दी, की अपार्टमेंट का सीसीटीवी फुटेज लीक नहीं होना चाहिए। पुलिस की सख्ती के बाद अपार्टमेंट के लोगों ने हाथ खड़े कर दिए।
लोग बोले- एन्क्लेव की सुरक्षा में बड़ी चूक
भागीरथी एनक्लेव के गेट पर कई सुरक्षाकर्मियों की तैनाती होने के बावजूद महिला बड़ी आसानी से अपार्टमेंट के अंदर बिना किसी रोक-टोक और पूछताछ के दाखिल हो गई। गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने महिला की जानकारी भी रजिस्टर में दर्ज नहीं की।
