प्रयागराज (मानवीय सोच) बाहुबली अतीक अहमद की दिक्कतें कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। प्रशासन लगातार शिंकजा कसता ही जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रशासन ने अतीक अहमद की छह बीघा जमीन कुर्क किया है। जिसकी कीमत तकरीबन 24 करोड़ रुपये है। ये कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत की गई है। इस दौरान यूपी प्रशासन ने भारी पुलिस फोर्स के मौजूदगी में नोटिस बोर्ड लगाया है।
हाल ही में अतीक अहमद के घर पर बुलडोजर चला था। हालांकि भारी पुलिस बल देखकर किसी ने इसका विरोध नहीं किया इसके अलावा उसके करीबी खालिद जफर पर भी प्रशासन ने कार्रवाई की। कुछ दिनों पहले अतीक अहमद के छोटे बेटे अली मोहम्मद ने भी पुलिस के आगे सरेंडर कर दिया। लेकिन उसका बड़ा बेटा उमर अभी फरार है। उमर पर दो लाख रुपये का इनाम भी है।
गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अतीक अहमद पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। जानकारी मिली थी कि कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर 6 बीघा जमीन अवैध तरीके से अतीक अहमद द्वारा खरीदी गई थी। जिसकी रिपोर्ट प्रयागराज डीएम को दे दी गई। उनके आदेश के बाद ही 24 करोड़ की जमीन कुर्क किया गया।
100 से अधिक मामला है दर्ज
अतीक अहमद एक बार फूलपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद और प्रयागराज पश्चिम से पांच बार का विधायक रह चुका है। वर्तमान में वह अहमदाबाद के जेल में बंद है। अतीक अहमद पर 100 से अधिक मुकदमा दर्ज है। जिसमें हत्या, गुंडागर्दी, अपहरण जैसे संगीन अपराध भी शामिल हैं।
