लखनऊ (मानवीय सोच) बिजली विभाग के एसडीओ की लापरवाही मंगलवार सुबह 100 परिवारों को बहुत भारी पड़ी। यहां के निवासियों ने तीन माह पहले लिखित रूप से जर्जर पोल के गिरने का अंदेशा दर्ज कराया था। मगर, एसडीओ ने इस जर्जर पोल को नहीं बदला और मंगलवार सुबह यह भरभरा कर गिर गया। इससे पूरे मोहल्ले की बिजली एवं पानी गुल हो गया।
मामला इंदिरानगर के महिला पॉलीटेक्निक उपकेंद्र के तहत राजवीर नगर का है। पूर्व पार्षद मुकेश सिंह चौहान के मुताबिक सुबह 8:15 बजे अचानक एलटी लाइन का पोल पूरे तारों को लेकर ढह गया। इससे बिजली के तार सड़क पर बिखर गये।
अच्छी बात ये कि इससे कोई हादसा नहीं हुआ। मगर बिजली एवं पानी ठप होने के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस मामले की शिकायत दर्ज कराने के बाद भी सुबह के 10:30 बजे तक कोई कर्मचारी पोल को बदलने नहीं पहुंचा।
