नई दिल्ली (मानवीय सोच) नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में महिला से गाली-गलौज और हाथापाई के मामले गिरफ्तार आरोपी गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी को फिर झटका लगा है। उसे अभी जेल में ही रहना होगा। कोर्ट ने दूसरी बार श्रीकांत की जमानत याचिका खारिज कर दी है।
नोएडा पुलिस की टीम ने पिछले सप्ताह मंगलवार सुबह श्रीकांत त्यागी को उसके तीन साथियों के साथ मेरठ से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
पुलिस ने श्रीकांत त्यागी के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 420, 419, 482 IPC के तहत एफईआर दर्ज की है। इससे पहले त्यागी ने 11 अगस्त को भी जमानत याचिका दायर की थी, जो कोर्ट ने खारिज कर दी थी।
कानून का शिकंजा कसते ही श्रीकांत की सारी हेकड़ी निकलने के साथ ही सुर भी बदल गए। पहले सोसाइटी की जिस महिला को वह गालियां देकर अपना रौब झाड़ रहा था, पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद वह उसे अपनी बहन बताने लगा। इतना ही नहीं, उसने इस घटना को एक राजनीतिक साजिश करार दिया।
