25 जिलों की फोर्स : जन्माष्मी पर अभेद्य होगी मथुरा की सुरक्षा, चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी

मथुरा  (मानवीय सोच)   कृष्ण जन्माष्मी 2022 को लेकर मथुरा में सुरक्षा चाक-चौबंद रहने वाली है। प्रशासन जन्माष्मी में मथुरा-वृंदावन में होने वाली भीड़ को लेकर पूरी तैयारी में है। इसके साथ ही आतंकवादी निरोधी दस्ता यानी एटीएस भी पूरी तरह मथुरा और आसपास के इलाकों में मुस्तैद है। जन्माष्मी पर मथुरा में मथुरा के साथ-साथ 25 जिलों की फोर्स तैनात की गई है। कहा जा रहा है कि गुरुवार रात से ही ये फोर्स मथुरा को छावनी में बदल देगी। जगह-जगह सुरक्षाबलों की तैनाती की जाएगी।

गौरतलब है कि कृष्ण जन्माष्मी को लेकर मथुरा और वृंदावन में भीड़ जुटनी शुरू हो चुकी है। 19 अगस्त को भगवान कृष्ण का जन्मदिन मनाया जाएगा। हर साल भगवान कृष्ण का जन्मदिन मनाने के लिए देश-दुनिया से हजारों श्रद्धालु मथुरा आते हैं जो भगवान कृष्ण की नगरी कही जाती है। पुलिस ने मथुरा जाने के रास्ते पर 70 जगहों पर बैरिगेटिंग की है। इसके अलावा कई रास्तों पर गाड़ियों का प्रवेश वर्जित कर दिया है। मसानी, भूतेश्वर, पोतरा कुंड, भरतपुर गेट के बैरियर से श्रीकृष्ण जन्मस्थान की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा।

जानकारी के मुताबिक पुलिस ने दस वाच टावन बनाए हैं जहां से भीड़ पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा भीड़ पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया जाएगा। पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। बिना तलाशी के किसी भी वाहन को शहर में नहीं आने दिया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *