एकेटीयू में नए सत्र में प्रवेश के लिए पंजीकरण 31 अगस्त से

लखनऊ  (मानवीय सोच) एकेटीयू नए सत्र 2022-23 में प्रवेश के लिए 31 अगस्त से पंजीकरण शुरू करेगा। विवि ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। सितंबर के दूसरे सप्ताह के बाद प्रवेश काउंसिलिंग शुरू की जाएगी। 
प्रवेश समन्वयक प्रो. अरुण तिवारी ने बताया कि पहले चरण की शुरुआत बीटेक और बीआर्क पाठ्यक्रमों में प्रवेश से होगी। प्रवेश क्रमश: जेईई मेन व नाटा की मेरिट से होंगे। इस परीक्षा में शामिल विद्यार्थी प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश सीयूईटी का परिणाम आने के बाद शुरू होगी।

नॉन क्रेडिट कोर्स के लिए छात्रों को नहीं देनी होगी फीस
एकेटीयू में शुक्रवार को कुलपति प्रो. पीके मिश्रा की अध्यक्षता में विद्या परिषद की बैठक में छात्रों को बड़ी राहत दी गई। इसमें तय किया गया कि बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्रों को अब एनपीटीएल के जरिए नॉन क्रेडिट कोर्स के लिए 1100 रुपये फीस नहीं देनी होगी।

बैठक में बीटेक में मेजर के साथ माइनर डिग्री देने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिल गई। बीवॉक की डिग्री देने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति बनी। बैठक में यह भी तय हुआ कि एनईपी के तहत इंजीनियरिंग की पढ़ाई और परीक्षा अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषा में होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *