अमेठी (मानवीय सोच) दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जिले को 1.69 अरब के लागत की कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। स्मृति ने मुसाफिरखाना के कादूनाला स्थित वेटलैंड व ईको पार्क तथा जामो के सूखी बाजगढ़ में कई योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी किया।
कादूनाला पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि हमने इस पर्यटन स्थल का नाम भाले सुल्तानियों के नाम पर करने का अनुरोध प्रदेश सरकार के यहां मौजूद दोनों मंत्रियों से किया है। इस पर्यटन स्थल में नौका विहार सहित पर्यटन से जुड़ी अन्य सुविधाओं का का निर्माण कराया जाएगा। इससे अमेठी ही नहीं बल्कि आसपास क्षेत्र के लोग भी यहां पर आकर बच्चों के साथ प्राकृतिक वातावरण में सैरसपाटा कर मनोरंजन की अनुभूति प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार के वन पर्यावरण जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार अरुण सक्सेना और राज्य मंत्री वनस्पति जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन केपी मलिक भी मौजूद रहे।
मुसाफिरखाना के बाद जामो के सूखी बाजगढ़ पहुंचीं केंद्रीय मंत्री व सांसद ने रामगंज स्थित खेल मैदान में जल जीवन मिशन की 26 परियोजनाओं (लागत 88.28 करोड़), पीएमजीएसवाई से स्वीकृत 116.08 किलोमीटर लंबी 16 सड़कों (लागत 80.72 करोड़) व सूखी बाजगढ़ के पूरे सिंह मिश्र गांव में 21.83 लाख रुपये की लागत से निर्मित अमृत सरोवर का शिलान्यास व लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम को स्मृति के अलावा स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी व पूर्व विधायक तेजभान सिंह ने भी संबोधित किया।
वेटलैंड पार्क का किया पूरा भ्रमण
फीता काटकर वैटलैंड व पर्यटक स्थल का उद्घाटन करने के बाद केंद्रीय मंत्री ने कादू नाला इंटरप्रिटेशन सेंटर का अवलोकन किया। दोनों विभागीय मंत्रियों के साथ भौगोलिक मानचित्र के मॉडल को भी देखा। इसके बाद उन्होंने नेचर ट्रेल, फुट ओवरब्रिज, चिल्ड्रेन पार्क, वाच टावर, सेल्फी प्वाइंट कचहरिया घाट, तालाब व साईकिल पथ को भी देखा। वह जंगल के अंदर करीब तीन किलोमीटर तक भ्रमण के लिए पहुंची। कार्यक्रम के दौरान स्मृति ने नमामि गंगे योजना के अंतर्गत ग्रीन ज्वेल ऑफ अमेठी पुस्तक का विमोचन भी किया।
गुलाम नबी को लेकर कांग्रेस पर तंज
दो दिवसीय दौर पर अमेठी की सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने गुलाम नबी आजाद के कांग्रेस छोड़ने पर तंज कसते हुए कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस का नेतृत्व स्वयं अपनी ही पार्टी विशेषकर गांधी परिवार पर टिप्पणी कर रहा है ऐसे में अब मुझे इस पर टिप्पणी करने की कोई जरूरत नहीं दिखती है। हालांकि उन्होंने इतना जरूर कहा कि गुलाम साहब भले ही अभी कांग्रेस से आजाद हुए हों लेकिन अमेठी तो तीन साल पहले ही कांग्रेस से पीछा छुड़ा चुकी है। कुपोषण मुक्त अमेठी का दिया नारा
सूखी बाजगढ़ स्थित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्मृति ने कुपोषण मुक्त अमेठी का नारा दिया। स्मृति ने कहा कि ऐसे बच्चों के लिए भारत सरकार पोषण कार्यक्रम चला रही है। ऐसे में हम सभी का दायित्व बनता है कि हम अपने बीच रहने वाले ऐसे बच्चों की जिम्मेदारी संभालें और उन्हें कुपोषण मुक्त बनाएं। उम्मीद है कि जन समुदाय की कोशिश से अमेठी के अलावा पूरे भारत को कुपोषण मुक्त बनाया जा सकेगा।
हेलो… सांसद बोल रही हूं… क्या सीडीओ को नही जानते
