मऊ (मानवीय सोच) नाव में निर्धारित संख्या से ज्यादा लोगों को बैठाने पर होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने जागरूकता अभियान चलाने की पहल की है। इसी क्रम में आज को थाना परिसर में उप जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला और क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडेय ने नाविकों के साथ बैठक की और निर्धारित क्षमता के अनुसार यात्रियों को बैठाने की हिदायत दी। बताया कि जिलाधिकारी के अनुमति पत्र मिलने के बाद ही अब नावें चलेंगी।
उन्होंने नाव चालकों को निर्देशित किया कि नाव में क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाएं, जिससे हादसा न हो। 30 आदमी की क्षमता है तो 15 आदमी ही लेकर जाएं। सुरक्षा व्यवस्था जरूर रखें। उन्होंने कहा कि मानकों का पालन न करने की वजह से ही बांदा में बड़ा हादसा हुआ था। उन्होंने आगाह किया कि छोटी नाव में किसी प्रकार की सवारियां न बैठाएं। एसडीएम ने कहा कि जिस नाव को जिलाधिकारी की अनुमति मिलेगी, वही चलाई जाएगी। इसकी जानकारी भी जल्द ही दी जाएगी। उन्होंने नाव चालकों से कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जैकेट, ट्यूब साथ में रखें। उन्होंने नाविकों को नाम, पता संबंधित थानों पर दर्ज कराने के भी निर्देश दिए।
सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक ही नाव चलाएं
सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक ही नाव चलाएं। रात में पानी में उतरने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर भी नाव न चलाई जाए। अगर किसी नाव में नशीला पदार्थ पाया जाएगा तो कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने सभी नाविकों को पहचान के लिए आधार कार्ड की छाया प्रतियों को भी जमा करने के लिए कहा गया। इस मौके पर एसएसआई कमलेश कुमार आदि मौजूद रहे।
