लखनऊ (मानवीय सोच) गोमतीनगर में शनिवार देर रात जिस पिटबुल ने युवक पर हमला कर उसे जख्मी किया था, नगर निगम की टीम सोमवार को पुलिस के साथ मिलकर उसकी तलाश करेगी। पीड़ित युवक भी कुत्ते के मालिक को नहीं जानता। ऐसे में उसने रविवार को गोमतीनगर थाने में अज्ञात पिटबुल मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
विरामखंड-दो गोमतीनगर निवासी प्रांचल मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि शनिवार रात वह अपनी मां के साथ घर के पास ही साइकिल ट्रैक पर टहल रहे थे। इसी दौरान एक पिटबुल प्रजाति के कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। उनका कहना है कि पिटबुल उनकी मां की तरफ लपका था, लेकिन वह उनको बचाने के लिए आगे आ गए तो उन पर टूट पड़ा। प्रांचल का कहना है कि पिटबुल कुत्ते को दो लोग टहला रहे थे, जिनमें एक 10-12 साल का लड़का और दूसरा 18-20 साल का लग रहा था। जख्मी होने के बाद सिविल अस्पताल में उनका उपचार किया गया।
दो महीने में पिटबुल के हमले की दूसरी घटना
दो महीने में पिटबुल के हमले की यह दूसरी घटना है। इससे पहले जुलाई में पिटबुल ने कैसरबाग इलाके में अपनी ही मालकिन पर हमला कर दिया था, जिसमें उनकी मौत गई थी। उसके बाद नगर निगम की टीम पुलिस की मदद से पिटबुल को पकड़कर जरहरा श्वान प्रजनन नियंत्रण केंद्र लाई थी। जहां उसे 15 दिन तक रखा गया था। बाद में उसके मालिक को सौंप दी थी। शहर में इस समय अलग-अलग इलाकों में 25 लोगों ने पिटबुल पाल रखे हैं। नगर निगम के रिकॉर्ड के मुताबिक शहर में करीब 6000 लोगों ने विभिन्न नस्लों के कुत्ते पाल रखे हैं।
आपत्ति के चलते नहीं बना भैरवचरण श्वानालय
आवारा कुत्तों से शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए गायों की तरह कान्हा उपवन में कुत्तों को रखने के लिए भैरवचरण श्वानालय बनाने की योजना 22 साल पहले बनी थी। मगर कुत्तों को पकड़कर रखने पर पाबंदी के कारण यह योजना सफल नहीं हो पाई। इसी तरह बंदरों को रखने के लिए वानर वाटिका बनाई जानी थी, वह भी नियमों के चलते अटक गई। अपर नगर आयुक्त पशु कल्याण डॉ. अरविंद राव का कहना है कि साल 2001 में ही पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्रतिबंध लग गया कि आवारा कुत्तों को पकड़कर नहीं रख सकते। यही नियम बंदरों को लेकर भी है। ऐसे में ये दोनों प्रोजक्ट अटक गए।
इलाके में भेजेंगे टीम
पशु चिकित्साधिकारी नगर निगम के डॉ. अभिनव वर्मा का कहना है कि मामला मेरी जानकारी में आया है। कुत्ता किसका है और वह कहां रहता है, इसका पता करेंगे। पुलिस की मदद से कुत्ते को पकड़ने का काम किया जाएगा। इसके लिए सोमवार को टीम इलाके में भेजी जाएगी।
