नई दिल्ली (मानवीय सोच) कांग्रेस ने बुधवार को अध्यक्ष चुनाव की तैयारी को लेकर बड़ी बैठक की थी। पार्टी ने बताया कि आगामी अध्यक्ष चुनाव को लेकर आयोजित प्रदेश रिटर्निंग ऑफिसर्स की बैठक में 9,000 से अधिक निर्वाचक मंडल (डेलीगेट) को पहचान पत्र प्रदान किए गए हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया कि इन कार्डों से विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों की पहचान करने से संबंधित प्रश्नों को हल किया जाएगा। कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण (सीईए) के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 24 सितंबर से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया आरंभ होगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों को निर्वाचक मंडल (डेलीगेट) की सूची उपलब्ध करा दी जाएगी तथा सभी डेलीगेट को क्यूआर कोड वाले पहचान पत्र भी जारी किए जा रहे हैं। मिस्त्री ने कहा, ‘हमने क्यूआर कोड के साथ पहचान पत्र तैयार किए हैं। सभी प्रदेश रिटर्निंग ऑफिसर इन पहचान पत्रों को 20 सितंबर तक प्रतिनिधियों को वितरित करेंगे।”
मिस्त्री ने कहा कि अगर कोई नामांकन दाखिल करना चाहता है और विभिन्न राज्यों से 10 समर्थकों को इकट्ठा कर लेता है, तो वे पहचान पत्र मांग सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग 20 सितंबर के बाद नामांकन दाखिल करेंगे, वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में मतदाता सूची की जांच कर सकते हैं। फोटो युक्त पहचान पत्र रखने वाले प्रतिनिधियों को बिना किसी अन्य प्रमाण पत्र के वोट डालने की अनुमति है, हालांकि, बिना फोटो वाले पहचान पत्र वाले प्रतिनिधियों को अपना आधार कार्ड दिखाना होगा।
पार्टी अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया के खिलाफ पारित प्रस्ताव का जिक्र करते हुए मिस्त्री ने कहा कि इसका चुनाव प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, “यह एक स्वतंत्र प्रक्रिया है। नामांकन प्रक्रिया 24 सितंबर से 30 सितंबर तक की जाएगी, इसके बाद सात दिनों की नामंकन वापस लेने की अवधि होगी।” पीसीसी डेलीगेट की सूची और उनके पहचान पत्र पीसीसी के भेजने का काम आरंभ हो गया है तथा सूची अगले कुछ दिनों यानी नामांकन की प्रक्रिया आरंभ होने से पहले उपलब्ध हो जाएगी।
कांग्रेस के संविधान के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का चुनाव लड़ने के लिए कम से कम 10 पीसीसी डेलीगेट की बतौर प्रस्तावक जरूरत होती है। हाल में कांग्रेस सांसदों शशि थरूर, मनीष तिवारी, प्रद्युत बारदोलोई, कार्ति चिदंबरम और अब्दुल खालिक ने मिस्त्री को पत्र लिखकर पीसीसी डेलीगेट की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।
इसके बाद मिस्त्री ने इन सांसदों से कहा था कि कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने को इच्छुक व्यक्ति 9,000 से अधिक प्रतिनिधियों की सूची अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण कार्यालय में 20 सितंबर से देख सकेंगे। कांग्रेस की ओर से घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 22 सितंबर को पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। 24 सितंबर से नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। यदि एक से अधिक उम्मीदवार हुए तो 17 अक्टूबर को मतदान होगा।
