योगी आदित्यनाथ का भी मंदिर, अयोध्या में भक्त ने भगवान बनाया

उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच)  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भक्तों ने भगवान बना दिया है और उनकी मंदिर बनाकर पूजा-आरती शुरू कर दी है। अयोध्या में राम जन्मभूमि से लगभग 25 किलोमीटर दूर प्रयागराज हाईवे पर भरत कुंड के पास सीएम योगी का यह मंदिर बनाया गया है। मंदिर में पूजा-अर्चना भी शुरू हो गई है। सुबह शाम यहां आरती हो रही है। प्रसाद चढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह मंदिर अयोध्या गोरखपुर हाईवे पर बनाया गया है। विशेष बात यह है कि यह मंदिर उस स्थान पर बनाया गया है जहां कभी भगवान श्रीराम के वनवास जाने पर उनके अनुज भरत ने भाई की खड़ाऊं रखी थी। इस स्थान का काफी महत्व है। योगी का यह मंदिर उनके प्रचारक ने बनवाया है। अब इसके चर्चे दूर-दूर तक हो रहे हैं। आसपास के इलाकों से लोग मंदिर देखने आ रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ की पूजा-अर्चना के लिए मंदिर बनाने वाले प्रभाकर मौर्य ने कहा कि जिन्होंने भगवान श्रीराम का मंदिर बनवाया है, हमने उनका मंदिर बनवाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों से वह बेहद प्रभावित हैं। मुख्यमंत्री ने जिस तरह से लोक कल्याण के काम किए हैं उससे उन्होंने भगवान जैसा स्थान हासिल कर लिया है। इसीलिए उनके मन में मुख्यमंत्री का मंदिर बनाने का विचार आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *