तालाब के विवाद में महिला को डूबो कर मारा, सड़क पर घसीटा

लखनऊ   (मानवीय सोच)  निगोहां के भीखनपुर गांव में तालाब के विवाद में दबंगों ने पड़ोसी महिला रीमा देवी को तालाब में डूबो-डूबो कर मारा फिर बाहर निकलने पर उसे और एक अन्य महिला को सड़क पर घसीटकर पीटा। पीड़िता ने थाने पहुंचकर दबंग के खिलाफ शिकायत की तो पुलिस ने टालमटोल का रवैया अख्तियार किया।

इसकी जानकारी होने पर बुधवार को दोबारा दबंगों ने महिला व उसके परिजनों को घर से खींचकर मारापीटा। वारदात से पूरा परिवार दहशत में है। पूरा परिवार घर में कैद हो गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य की तलाश में दबिश दे रही है।

भीखनपुर निवासी रीमा देवी के मुताबिक गांव के बाहर उनका तालाब है। तालाब में उन्होंने सिंघाड़े की बेढ़ लगा रखी है। आए दिन तालाब में पड़ोसी अमित अपने जानवर छोड़ देता है जिससे फसल को नुकसान होता है। मंगलवार दोपहर अमित के जानवर तालाब में फसल का नुकसान कर रहे थे। शिकायत की तो अमित ने खींचकर पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर अमित का भाई विक्की, अर्पित और कल्लू व अन्य लोग आ गए।

उन्होंने तालाब में ही उसे डुबो डुबो कर लात घूसों से पीटा। इसके बाद बाहर खींचकर लाए। सड़क पर घसीट कर मारा। गांव वालों के विरोध पर वह भाग निकले। हमले से महिला के पेट व पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता तहरीर लेकर निगोहां थाने पहुंची तो पुलिस ने टरका दिया। सुनवाई नहीं की उल्टा आरोपितों का पक्ष लेने लगी। इस पर वह हताश होकर लौट आई। बुधवार को इसकी जानकारी अमित और उसके घरवालों को हुई। शाम को अमित और उसके भाई गाली-गलौज करते हुए घर में घुसे। 

पीड़िता के मुताबिक अमित और उसके भाइयों ने हमला बोल दिया। उसे और बेटी को पीटने लगे। घर के बाहर खींचकर पीटना शुरू कर दिया। दबंगों ने तीन हजार रुपये और सोने का लाकेट भी लूट लिया। धमकी दी कि अगर अब पुलिस के पास शिकायत की तो जान से मार देंगे। सीओ निगोहां सोमेंद्र विश्वास ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर चार आरोपितों के खिलाफ एक दिन पूर्व शिकायत दर्ज हुई थी। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक को गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *