उप मुख्यमंत्री केशव ने कहा, पसमांदा समाज सपा, बसपा और कांग्रेस की कृपा का मोहताज नहीं

लखनऊ  (मानवीय सोच)  उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मै आपके बीच दूरी खत्म करने आया हूं। आप एक कदम आगे बढ़ेंगे तो हम दस कदम आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक पसमांदा मुसलमानों ने भाजपा को चोरी छिपे वोट किया है लेकिन अब खुल कर भाजपा का साथ दें तो विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जाएगा। मंगलवार को वो पसमांदा मुस्लिम जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। 

अखिल भारतीय पसमांदा मुस्लिम मंच की ओर से पीडब्ल्यूडी के विश्ववरैया सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि पसमांदा मुसलमानों का हमेशा सपा, बसपा और कांग्रेस ने सिर्फ इस्तेमाल किया है। केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार बगैर किसी भेदभाव के काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने न कभी भेदभाव किया था न ही आगे करेंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जवल योजना हो या आयुष्मान योजना सरकार ने इसका लाभ देने में कोई भेदभाव नही किया। सभी जाति, धर्म के गरीब परिवारों को आवास दिये गये। 

उन्होंने जनता से सवाल किया कि अगर हम ईमानदारी से काम करेंगे तो क्या आप वोट नही देंगे। उनके सवाल पर सभी लोगों ने हाथ उठा कर हामी भरी। उन्होंने कहा कि हमने ईमानदारी से काम किया तो हम दोबारा जीत कर सरकार में आये। इसमें आप लोगों ने भी चोरी छिपे वोट दिया लेकिन अब आप खुल कर वोट करें। उन्होंने जनता के बीच फिर से सवाल उछाला कि हमने बेईमानी खत्म करके क्या गलत किया है। लोगों ने कहा नही किया।

उप मुख्यमंत्री बोले अब बगैर किसी भेदभाव के भ्रष्टाचारियों और देशद्रोहियों के खिलाफ भी कार्रवाई हो रही है। जिसको विरोधी राजनीतिक रूप दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में आपदा आने पर पीड़ितों को मदद नही मिलती थी लेकिन हमारी सरकार आपदा पीड़ितों के साथ हमेशा खड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में विदश में भी देश का सम्मान बढ़ा है। अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस ने पसमांदा समाज का वोट तो लिया लेकिन उनके लिये कोई काम नही किया। 

उन्होंने कहा कि मोदी-योगी सरकार में पसमांदा तबके को शिक्षा व रोजगार देने का काम किया गया है। राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि पिछली सरकारों में पसमांदा मुसलमानों को शिक्षा, रोजगार देने के लिये कोई नीति नही थी। अखिल भारतीय पसमांदा मुस्लिम मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष जावेद मलिक ने कहा कि हमारे ऊपर मुस्लिम समाज को बांटने के आरोप लगाये जा रहे हैं, लेकिन हमारी लड़ाई अधिकार की है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन अशफाक सैफी, मदरसा बोर्ड के चेयरमैन डा. इफ्तिखार अहमद जावेद, राज्यमंत्री दानिश अंसारी, जसवंत सैनी के अलावा 100 पसमांदा मुस्लिम जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *