भारतीय उपभोक्ताओं के लिए बड़ा झटका” : 1,338 करोड़ का जुर्माना लगाए जाने पर गूगल की प्रतिक्रिया

नई दिल्‍ली : (मानवीय सोच)   भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) की ओर से 1,337.76 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाए जाने के बाद गूगल की प्रतिक्रिया सामने आई है. न्‍यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, गूगल ने इसे देश में उपभोक्ताओं और व्यवसायों के लिए बड़ा झटका करार दिया है. गूगल के प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा, “एंड्रायड ने सभी के लिए अधिक विकल्प बनाए हैं और यह भारत और दुनियाभर में हजारों कामयाब व्यवसायों का समर्थन करता है.” गौरतलब है कि भारतीय प्रतिस्‍पर्धा आयोग यानी कांपिटिटिव कमीशन ऑफ इंडिया ने गूगल पर 1,337.76 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. एंड्रॉयड मोबाइल उपकरण क्षेत्र में बाजार में अपनी मजबूत स्थिति का दुरुपयोग करने को लेकर यह कार्रवाई की गई है. इसके साथ ही, सीसीआई ने प्रमुख इंटरनेट कंपनी को अनुचित कारोबारी गतिविधियों को रोकने और बंद करने का निर्देश दिया है. 

CCI ने बृहस्पतिवार को कहा था कि गूगल को एक निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने कामकाज के तरीके को संशोधित करने का निर्देश भी दिया गया है. CCI ने ट्वीट किया है, “एंड्रायड मोबाइल डिवाइस ईकोसिस्‍टम में कई बाजारों में स्थिति का दुरुपयोग करने के लिए गूगल पर जुर्माना लगाया गया है.” बता दें, गूगल, एंड्रायड OS (एंड्रायड ऑपरेटिंग सिस्‍टम) का संचालन और प्रबंधन करता है तथा इसके अन्‍य Proprietary applications के लिए लाइसेंस देता है. मूल उपकरण निर्माता या ओईएम इस OS और गूगल के Apps का अपने मोबाइल डिवाइसेस में इस्‍तेमाल करते हैं. इसके अनुसार, वे अपने अधिकारों और उत्‍तरदायित्‍वों के नियंत्रण के लिए मोबाइल एप्‍लीकेशन डिस्‍ट्रीब्‍यूशन एग्रीमेंट  कई समझौते करते हैं. 

इससे पहले, सीसीआई ने समाचार सामग्री के संबंध में राजस्व बंटवारे की कथित अनुचित शर्तों को लेकर इंटरनेट कंपनी गूगल के खिलाफ एक और विस्तृत जांच का आदेश दिया था. सीसीआई ने शुक्रवार को जारी इस आदेश में कहा था कि इस संबंध में नियामक की जांच शाखा के महानिदेशक (डीजी) अब समेकित जांच रिपोर्ट सौंपेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *