महाराष्ट्र में केमिकल फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 3 मजदूरों की मौत

पालघर: (मानवीय सोच) महाराष्ट्र के पालघर जिले के बोईसर कस्बे के तारापुर एमआईडीसी में स्थित एक रासायनिक कारखाने में बुधवार को हुए विस्फोट में कम से कम तीन श्रमिकों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए. उन्होंने बताया कि यह घटना कपड़ा उद्योग में इस्तेमाल होने वाले गामा एसिड का उत्पादन करने वाली इकाई में शाम चार बजकर 20 मिनट पर हुई.

अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट इतना भीषण था कि संयंत्र की छत फट गई. “रासायनिक कारखाने में रिएक्टर पोत में विस्फोट के कारण, तीन श्रमिकों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए. पीड़ितों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया, जबकि घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया.” पालघर पुलिस प्रवक्ता सचिन नवादकर ने यह जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर बोईसर पुलिस थाने और स्थानीय दमकल विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे. बोईसर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक प्रदीप कस्बे ने बताया कि विस्फोट के समय कारखाने में कुल 18 कर्मचारी काम कर रहे थे. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में संयंत्र प्रभारी ने पुष्टि की कि विस्फोट रिएक्टर पोत में दबाव के कारण हुआ.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *