नई दिल्ली (मानवीय सोच) पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मामला अभी शांत नहीं हुआ है। इसी बीच नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी NIA ने आतंक तारों की जांच शुरू कर दी है। इसके लिए पंजाबी हस्तियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। खबर है कि जांच एजेंसी ने पंजाब के कई गायकों को इस सप्ताह पूछताछ के लिए बुलाया था।
हस्तियों को ‘गैंगस्टर्स से सांठगांठ’ और ‘आतंकी’ तारों के चलते बुलाया है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि मनकीरत औलख, दिलप्रीत ढिल्लों, बी प्राक, अफसाना खान, जेनी जोहल को अलग-अलग समय पर पूछताछ के लिए बुलाया था। उन्होंने बताया कि अन्य गायकों को भी जांच में शामिल होने के लिए बुलाया जा सकता है।
हालांकि, इस मामले में अब तक NIAने चुप्पी साध रखी है और मामले पर खुलकर कुछ नहीं कहा है। सूत्रों ने जानकारी दी है कि दिल्ली में पंजाब के कई कलाकार NIA दफ्तर पहुंच चुके हैं।
मूसेवाला के पिता ने उठाए थे सवाल
मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने NIA की तरफ से कलाकारों से की जा रही पूछताछ पर सवाल उठाए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने कहा था कि जांच एजेंसी महिला गायकों को भी पूछताछ के लिए बुलाकर परेशान कर रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने बताया कि गायकों को इस मामले में कुछ जानकारी हासिल करने के लिए बुलाया गया था। पूछताछ का दौर 5 से 6 घंटों तक चला था। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि उन्हें फिर तलब किया जा सकता है। दरअसल, NIA मूसेवाला की हत्या के मामले की जांच नहीं कर रही है। वह गैंगस्टर-टैरेरिस्ट नेक्सस को लेकर जांच कर रही है। इस संबंध में कई जगहों पर छापे भी मारे गए थे।
मारे गए थे छापे
हाल ही में NIA ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली NCR में 50 से ज्यादा ठिकानों पर छापे मारे थे। जांच एजेंसी ने भारत और विदेश में मौजूद आतंकवादियों, गैंगस्टर्स, ड्रग तस्करों के बीच सांठगांठ को खत्म करने के लिए यह कार्रवाई की थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने यह भी कहा है कि गायकों को पूछताछ के लिए अलग-अलग समय पर बुलाया गया है। ये गायक गैंग्स के साथ संबंध होने के आरोपों का सामना कर रहे हैं। खबर है कि गायकों ने अपनी तरफ से फंडिंग और संबंध होने की बात से इनकार किया है।
