दिल्ली (मानवीय सोच) उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से दिल्ली वक्फ बोर्ड के पूर्व सीईओ एसएम अली के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने की सिफारिश कर दी है। दिल्ली बोर्ड के सीईओ रहे आईएएस अधिकारी एसएम अली पर आरोप है कि उन्होंने बोर्ड के तत्कालीन अध्यक्ष अमानतुल्लाह खान के गलत प्रस्ताव को पारित कराया। सतर्कता विभाग के सूत्रों ने बताया कि तत्कालीन अध्यक्ष अमानतुल्ला खान के आदेश पर अवैध प्रस्तावों को मंजूदी दिए जाने के मामले में एलजी ने यह कदम उठाया है।
मालूम हो कि आम आदमी पार्टी के नेता अमानतुल्लाह खान पहले ही दिल्ली वक्फ बोर्ड में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं। भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) का कहना है कि ‘आप’ नेता मानतुल्लाह खान के खिलाफ बेहद गंभीर आरोप हैं। इन आरोपों में उन्हें आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। दिल्ली वक्फ बोर्ड में कथित अनियमितताओं को लेकर दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के कार्यकाल के दौरान अमानतुल्लाह खान कथित तौर पर कई अनियमितताओं में शामिल थे।
