लखनऊ (मानवीय सोच) दुबग्गा थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने को लेकर हुई निधि गुप्ता की मौत के मामले में दुबग्गा कोतवाली पर संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था पीयूष मोर्डिया ने प्रेस वार्ता कर बताया कि आरोपी सूफियान की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बना कर दबिश दी जा रही है। वहीं, मृतका का शव उसके घर पहुंचा दिया गया है। परिजनों को आरोपी को गिरफ्तार कर फांसी देने की मांग की है।
वहीं, मां लक्ष्मी गुप्ता की तहरीर पर सूफियान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। घटना में कई अन्य बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है। पीयूष मोर्डिया ने बताया कि सूफियान ने निधि को मोबाइल दिया था जिसकी शिकायत निधि के परिजन सूफियान के परिजनों से करने गए थे। जहां विवाद के बाद यह घटना हुई।
जानकारी में आया है कि निधि की मां लक्ष्मी ने बताया कि सूफियान के पास निधि का एक वीडियो था जिसको लेकर वह उसे तंग कर रहा था। इस सवाल पर पीयूष मार्डिया ने कहा कि इस तरह की कोई जानकारी नही मिली है जांच पड़ताल की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद सूफियान ट्रामा सेन्टर भी गया था जहां निधि की मौत के बाद सूफियान फरार हो गया। सूफियान की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
अवैध तरीके से कॉलोनी में रह रहे हैं लोग
मृतका के घर पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीकृष्ण लोधी से परिजनों ने बताया कि कालोनी में काफी लोग अवैध तरीके से रहकर भोली भाली लड़कियों को फंसाकर उनसे धर्म परिवर्तन कराने का काम कर रहे हैं। लोगों में पुलिस का डर नहीं है। कोई विवाद होता है तो पुलिस सीमा विवाद में उलझ जाती है।
