बिहार मंत्री के करीबी के ठिकानों पर हुई IT रेड पर दी प्रतिक्रिया; बोले- ‘बीजेपी 2024 चुनाव को लेकर डरी हुई’

बिहार  (मानवीय सोच)  डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने उद्योग मंत्री समीर महासेठ के करीबी के ठिकानों पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की रेड को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। पटना में मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने रेड को 2024 लोकसभा चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि बीजेपी हार से डरी हुई है। आरजेडी नेता ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन पर खनन पट्टा मामले में ईडी की पूछताछ का भी जिक्र किया।

वहीं एक दिन पहले आईटी ऑफिसर महासेठ के पटना स्थित आवास पर उनके करीबी को लेकर पूछताछ के सिलसिले में पहुंचे थे। मधुबनी से राजद विधायक समीर महासेठ ने ‘पीटीआई’ से कहा, “हां, आयकर अधिकारी मेरे दूर के रिश्तेदार जितेंद्र जी के खिलाफ जांच के सिलसिले में आज पटना में मेरे घर आए थे। मुझे पता चला है कि आयकर अधिकारी पहले से ही पटना और अन्य जगहों पर मेरे रिश्तेदार से जुड़े परिसरों पर तलाशी ले रहे हैं।” हालांकि उन्होंने साफ करते हुए कहा कि इस केस से उनका कोई कनेक्शन नहीं है और ना ही आईटी के लोग उनके घर पर जांच के लिए पहुंचे थे।

बता दें कि पिछले कुछ महीनों से सभी महागठबंधन दलों ने आरोप लगाया है कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का उपयोग केंद्र द्वारा राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है। 29 अगस्त को सूत्रों ने रिपब्लिक टीवी को बताया कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार राज्य में मामलों की जांच के लिए सीबीआई को दी गई सामान्य सहमति वापस ले सकती है। यह सीबीआई द्वारा आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह, पूर्व एमएलसी सुबोध रॉय, राज्यसभा सांसद अहमद अशफाक करीम और फैयाज अहमद के परिसरों पर जमीन के बदले नौकरी घोटाले के सिलसिले में छापे मारे जाने के एक हफ्ते से भी कम समय के बाद आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *