कानपुर (मानवीय सोच) वीएसएसडी कॉलेज ग्राउंड में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 388 करोड़ रुपए की 272 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कानपुर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार कानपुर समेत प्रदेश के विकास की प्रतिबद्धता के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कानपुर कभी उत्तर भारत के मैनचेस्टर के रूप में विख्यात था। अपने उद्योगों के बदौलत अलग पहचान रखता था, जो देशभर के नौजवानों के लिए रोजगार मुहैया कराता था। लेकिन 70-80 के दशक में कुछ लोगों की बदौलत देश के पांच बड़े महानगरों में गिना जाने वाला कानपुर अराजकता और अव्यवस्था का शिकार हो गया।
प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में हम कानपुर का छवि बदलने के लिए प्रयासरत हैं। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। नमामि गंगे, मेट्रो रेल, डिफेंस कॉरीडोर, स्मार्ट सिटी आदि से कानपुर को बदला जा रहा है।
