वाराणसी (मानवीय सोच) कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में उत्तर प्रदेश में भी भारत जोड़ो यात्रा चल रही है। प्रयागराज प्रांत से निकली भारत जोड़ो यात्रा 22 दिसंबर को वाराणसी पहुंचेगी। बनारस में निकलने वाली 22 किलोमीटर की यात्रा ऐतिहासिक होगी। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी की बैठक सोमवार की देर शाम को चांदपुर स्थित कैंप कार्यालय में हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि बनारस में होने जा रही भारत जोड़ो यात्रा पर पूरे भारत की नजर होगी। पूरे यात्रा मार्ग को तिरंगे से सजाया जाएगा। पूर्व सांसद ने जिला व महानगर को इस मामले में रोड मैप बनाने को कहा जिससे कि इस यात्रा से हर व्यक्ति शामिल हो सके। पूरे यात्रा के रूट को निर्धारित करते हुए लगभग 30 से ज्यादा प्वांइट निर्धारित किए गए। भारत जोड़ो यात्रा प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में 22 दिसंबर को वाराणसी में सारनाथ से आरंभ होगी। यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे, अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद इमरान प्रतापगढ़ी, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बृजलाल खाबरी समेत कई बड़े नेता भी शामिल होंगे। इस यात्रा का मकसद अन्याय के खिलाफ लड़ाई, भेदभाव के खिलाफ खड़े होना है और उनके खिलाफ एकजुट होना है। यात्रा की तैयारी के सिलसिले में प्रत्येक वार्डों में जनसंपर्क जारी है। इस दौरान सतीश चौबे, अनिल श्रीवास्तव, प्रजानाथ शर्मा, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, हसन मेंहदी कब्बन आदि मौजूद रहे।
