लखनऊ (मानवीय सोच) अमौसी एयरपोर्ट से मुंबई, बंगलुरु के लिए अकासा एयरलाइन की पहली फ्लाइट रविवार को उड़ान भरेगी। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एयरलाइन के अफसरों ने पहला बोर्डिंग पास सौंपा। फ्लाइटों की बुकिंग शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मुंबई, बेंगलुरु के लिए नई हवाई सेवा शुरू हो रही है। सीएम ने एयरलाइन के अफसरों से कहा कि लखनऊ, वाराणसी या कुशीनगर से काठमांडू के लिए भी फ्लाइट शुरू की जानी चाहिए। यहां से बौद्ध देशों के लिए उड़ान सेवाओं की मांग है। अवसर पर अकासा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय दुबे, सहसंस्थापक नीलू खत्री, सह संस्थापक प्रवीण अय्यर, उपाध्यक्ष हरजिंदर सिंह उपस्थित रहे।
बंगलुरु से क्यूपी-1360 फ्लाइट सुबह 7.40 बजे रवाना होकर सुबह सवा दस बजे लखनऊ पहुंचेगी। यहां से फ्लाइट क्यूपी-1122 सुबह 11 बजे रवाना होकर दोपहर 1.05 बजे मुंबई पहुंचेगी। फ्लाइट क्यूपी-1123 मुंबई से दोपहर 1.50 बजे उड़कर दोपहर 3.50 बजे लखनऊ पहुंचेगी। यहां से फ्लाइट क्यूपी-1361 शाम 4.30 बजे चलकर शाम 7.05 बजे बंगलुरु पहुंचेगी।
