लखनऊ (मानवीय सोच) सांसद और विधायकों के साथ प्रदेशहित में संचालित विकास परियोजनाओं की पड़ताल की जारी शृंखला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को चित्रकूटधाम मंडल की समीक्षा की। विशेष बैठक में मुख्यमंत्री ने एक-एक कर जनपद बांदा, महोबा, हमीरपुर और चित्रकूट जिलों से आए सांसद व विधायकों से उनके क्षेत्र की विकास योजनाओं की जानकारी ली और आवश्यकतानुसार दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने नवीन विकास कार्यों के बारे क्षेत्रीय जनाकांक्षाओं से भी अवगत कराया और इस संबंध में अपने प्रस्ताव भी दिए। मुख्यमंत्री योगी ने सांसद और विधायकों के इन प्रस्तावों पर तत्काल कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय को निर्देशित भी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने जनप्रतिनिधियों से आगामी 10-12 फरवरी को आयोजित उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की चर्चा की। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने स्वयं के लिए $1 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखा है। इस संकल्प की पूर्ति के लिए पूरा उत्तर प्रदेश एकजुट होकर प्रयास कर रहा है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि समिट से पहले दुनिया भर के निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश का आमंत्रण देने की हमारी कार्ययोजना को आशातीत सफलता मिली है। 16 राष्ट्रों में हुए रोड शो से 7 लाख 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है। विदेश में रोड शो की सफलता के बाद अब देश के प्रमुख महानगरों में उद्योग जगत को आमंत्रित करने रोड शो का आयोजन हो रहा है। जीआईएस-2023 ऐतिहासिक होने जा रहा है। व्यापक निवेश से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिसका सीधा लाभ हमारे युवाओं को मिलेगा।
बांदा, महोबा, हमीरपुर और चित्रकूट जिलों में विकास की अपार संभावनाएं हैं। यहां धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हुआ है। हर जिला औद्योगिक विकास के अपार अवसरों से भरा है। पर्याप्त लैंडबैंक है। जनप्रतिनिधियों को अपनी इन विशिष्टताओं से देश-दुनिया को परिचय कराना चाहिए।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि चित्रकूट, जहां भगवान राम ने अपने वनवास काल का सर्वाधिक समय व्यतीत किया था, आज चहुंमुखी विकास की नई कहानी कह रहा है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के माध्यम से आज यहां बेहतरीन रोड कनेक्टिविटी है। एयरपोर्ट का विकास हो रहा है। डिफेंस कॉरीडोर का एक महत्वपूर्ण नोड चित्रकूट में ही है। यहां के हर घर में नल से शुद्ध पेयजल सुलभ हो रहा है। इन प्रयासों से आज पूरे चित्रकूट धाम मंडल में सकारात्मकता का संचार हुआ है। आम जन की सुविधा के दृष्टिगत ईज ऑफ लिविंग के सभी मानकों पर चित्रकूट में कार्य किया गया है।
जनपदीय निवेशक सम्मेलन के आयोजन के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार करें
