जोशीमठ में अब आसमान से बरसेगी आफत ; बारिश और बर्फबारी की चेतावनी

उत्तराखंड  (मानवीय सोच)  उत्तराखंड में जोशीमठ के निवासियों के लिए आने वाले चार दिन और भी बहुत कठिन रहने वाले हैं. यहां के निवासी पहले से ही भूस्खलन से बेघर हो रहे हैं. ऊपर से मौसम विभाग ने जोशीमठ, चमोली और पिथौरागढ़ में 19, 20, 23 और 24 जनवरी को बारिश और बर्फबारी की संभावना जताकर, उनकी चिंता और बढ़ा दी है. मौसम विज्ञानी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के पैटर्न में बदलाव के कारण राज्य में मौसम में बदलाव देखे जा सकते हैं. 

अगले 4 दिन महत्वपूर्ण
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह ने चेतावनी जारी करते हुए बताया, ’19 और 20 जनवरी को बारिश की संभावना है, जबकि 23 और 24 जनवरी को बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना है.’ ऐसे में जोशीमठ के आपदा प्रभावित क्षेत्र में सरकार, प्रशासन और जिला प्रशासन को सतर्क रहना होगा. उत्तराखंड के जोशीमठ के भू-धंसाव का सामना कर रहे पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर अस्थायी रूप से स्थानांतरित कर दिया गया है. वहीं, राज्य सरकार ने पीड़ितों के लिए करोड़ों रुपये की रहत पैकेज की घोषणा कर चुकी है.

पीड़ितों को डेढ़ लाख की सहायता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि इस हिमालयी राज्य में भू-धंसाव से पीड़ित 3,000 परिवारों के लिए राहत पैकेज जारी कर दिया गया है. धामी ने पिछले हफ्ते जोशीमठ के अपने दौरे के दौरान संवाददाताओं को बताया, ‘पीड़ितों को फ़िलहाल, प्रति परिवार 1.50 लाख रुपये की अंतरिम सहायता दी जा रही है. स्थाई विस्थापन आने से पहले पीड़ितों को 1 लाख रुपये की भुगतान कर दी गयी है.’

राज्य आपदा विभाग की तरफ से भी मदद
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य आपदा प्राधिकरण द्वारा प्रत्येक परिवार को सामानों के परिवहन और उनके भवनों की तत्काल जरूरतों के लिए गैर-समायोज्य एकमुश्त विशेष अनुदान के रूप में 50,000 रुपये दिए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *