मेरठ (मानवीय सोच) पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के भतीजे अलीम और धेवते समीर ने पड़ोसी मोहसिन की पिटाई करने के साथ हथियार भी लहराए थे। आरोप है कि वे कनपटी पर पिस्टल लगाकर जान से मारने की धमकी देकर फरार हुए थे। पुलिस ने भतीजे और धेवते सहित छह लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं, पीड़ित परिवार ने मकान बिकाऊ का पोस्टर चस्पा किया है। आरोप है कि याकूब का परिवार समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
कोतवाली के सराय बहलीम में शुक्रवार आधी रात याकूब का धेवता समीर अपने साथियों के साथ पड़ोसी अरशद के घर गया था। आरोप है कि अरशद के भाई मोहसिन से समीर का झगड़ा हो गया। इसके बाद याकूब का भतीजा अलीम भी दोस्त के साथ पहुंचा।
समीर और अलीम समेत उनके साथियों ने मोहसिन की पिटाई कर दी और उन पर पिस्टल तानी। हथियार लहराते हुए आरोपी धमकी देकर फरार हुए थे। मोहसिन के भाई नदीम की तहरीर पर याकूब के धेवते समीर, मुशीर, भतीजे अलीम कुरैशी व उनके साथी अफजाल, मोबिन, सरताज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया। वहीं, आरोपियों की तलाश में कोतवाली पुलिस ने दबिश देने का दावा किया, लेकिन वह घर पर नहीं थे।
नदीम ने आरोप लगाया कि याकूब का परिवार समझौता न करने पर मोहल्ला छुड़वाने की धमकी दे रहा है। परिवार के लोग बार-बार उनके घर के बाहर आकर खड़े होते हैं और अभद्रता करते हैं। उनका परिवार दहशत में है। शनिवार दोपहर पीड़ित परिवार ने मकान बिकाऊ का पोस्टर भी चस्पा कर दिया। इसमें लिखा कि यह मकान बिकाऊ है, याकूब के परिजन धमकी दे रहे हैं कि मोहल्ला छोड़ो। इसके चलते कोतवाली पुलिस फिर सराय बहलीम पहुंची और पीड़ित पक्ष को आश्वासन दिया कि डरने की जरूरत नहीं है। नामजद आरोपियों को जेल भेजेंगे।
पुलिस ने लेनदेन का विवाद बताया
पुलिस के मुताबिक याकूब की बेटी आसमां के पड़ोसी अरशद के साथ लेनदेन का विवाद है। आसमां ने कपड़े के व्यापार में बेटे समीर को पार्टनरशिप बनाकर अरशद को पांच लाख रुपये दिए थे। बताया कि अरशद हर महीने समीर को 50-60 हजार रुपये मुनाफे के देता था। अब अरशद ने आसमां के 3.25 लाख वापस कर दिए थे। बाकी 1.75 लाख में से 50 हजार रुपये अरशद को शुक्रवार को देने थे। समीर पैसा लेने के लिए रात में अरशद के घर पहुंच गया। अरशद दिल्ली गया था, जहां पर उसका भाई मोहसिन मिला। समीर का मोहसिन से विवाद हो गया। वहीं, समीर का कहना है कि अरशद पर उनके 20 लाख रुपये हैं। पैसा मांगने पर फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस जांच करेगी तो सच सामने आ जाएगा।
सीओ ने लिए परिवार के बयान
मारपीट और धमकी के मुकदमे के बाद सीओ कोतवाली अमित कुमार राय ने नदीम को ऑफिस में बुलाया। उसके बयान दर्ज किए। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि लेनदेन को लेकर मारपीट हुई है। हथियार लहराने की बात सामने आई है। पुलिस जांच कर रही है। नामजद आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार करेगी।
