अब सूफी मुस्लिमों को रिझाएगी BJP, मिशन 2024 के लिए

लखनऊ : (मानवीय सोच)  भाजपा पसमांदा मुसमानों के बाद अब सूफी मुसलमानों को जोड़ने पर दांव लगाने जा रही है। भाजपा का अल्पसंख्यक मोर्चा इसके लिए सूफी संवाद महाअभियान चलाने जा रहा है। इसकी शुरुआत 15 फरवरी से होगी। यूपी में पहले चरण में यह अभियान वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और मुरादाबाद में चलाया जाएगा। इस अभियान में कौमी चौपाल लगाकर केंद्र और यूपी सरकार के कामकाज तो बताए जाएंगे, साथ ही यह बताया जाएगा कि भाजपा ने मुसलमानों के लिए क्या किया।

हर मंडल तक चलेगा अभियान

भाजपा ने इस अभियान को चलाने की जिम्मेदारी अल्पसंख्यक मोर्चे को दी है। अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बाशित अली बताते हैं कि रायपुर में बीती दो फरवरी को हुई अल्पसंख्यक मोर्चे की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में इसकी योजना तैयार हुई थी। इसमें तय किया गया कि इस अभियान से उलमा, मौलाना और सूफी मुसलमान जोड़े जाएंगे। इसके लिए बाकायदा कौमी चौपाल लगाई जाएगी, जिसमें भाजपा के केंद्र और प्रदेश के बड़े नेता उन्हें समझाने की कोशिश करेंगे कि मुसलमानों के जीवन में बदलाव लाने के लिए सरकार क्या कर रही है।

100 लोकसभा सीटों पर चलेगा अभियान

यह भी बताया जाएगा कि सरकार की लाभार्थी योजनाओं का फायदा सबसे ज्यादा मुसलमानों को मिला है। अभियान का राष्ट्रीय प्रभारी अल्पसंख्यक मोर्चे में रहे मौलाना शुएब कासमी को दी गई है। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव से पहले करीब 100 लोकसभा सीटों पर यह अभियान चलेगा। हर मंडल तक इस अभियान को चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *