बीफार्मा के छात्र का शव नग्न हालत में कीचड़ में पड़ा मिला

लखनऊ  (मानवीय सोच)  बिजनौर थाने से चंद कदमों की दूरी पर बुधवार सुबह एक बी फार्मा छात्र का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। नग्न अवस्था में औंधे मुंह कीचड़ में पड़े शव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चर्चा है कि सुनील की हत्या कर उसका शव फेंका गया है।

पुलिस के मुताबिक जिला सिद्धार्थ नगर के चिलिहया थानान्तर्गत कदवा गांव निवासी जगदीश प्रसाद का बेटा सुनील कुमार (24) राजधानी लखनऊ में बिजनौर थाने के पास विनीत यादव के हॉस्टल में किराए पर रह कर इलाके के आर्यकुल फार्मेसी कॉलेज में बी फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। कमरे में उसके साथ उसका दोस्त बहराइच निवासी राममूर्ति भी रहता था। बताते हैं कि सुनील कुमार शराब पीने का आदी था।

सुनील के दोस्तों के मुताबिक मंगलवार शाम करीब 8 बजे शराब के नशे में धुत होकर सुनील कमरे पर पहुंचा और तुरंत वापस लौट गया। बुधवार सुबह करीब 7 बजे पड़ोसियों ने पास में ही स्थित खाली प्लाट में भरे कीचड़ के अंदर औंधे मुंह पडे़ युवक के शव को देखा तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर उसकी पहचान कराई। जहां मकान मालिक विनीत के अलावा हॉस्टल में रह रहे छात्रों ने उसकी पहचान सुनील के रूप में की। मृत पड़े मिले सुनील के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था बल्कि वह नग्न अवस्था में पड़ा था।

पुलिस ने काफी देर तक उसके कपड़ों की खोजबीन की लेकिन कपड़े नहीं मिल सके और ना ही उसका मोबाइल फोन मिला। फिलहाल पुलिस सर्विलांस की मदद से उसके मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी कॉल डिटेल निकालने के साथ ही हॉस्टल के छात्रों और उसके रूम पार्टनर राममूर्ति से पूछताछ कर रही है। वहीं चर्चा है कि सुनील की हत्या कर हत्यारों ने शव फेंक दिया है। जबकि पुलिस सुनील के कपड़े और मोबाइल फोन अभी तक नहीं बरामद कर सकी है।

उधर, सूत्रों का कहना है कि सुनील ने बी फार्मा का बैक पेपर भरा था और वह अक्सर मोबाइल में किसी से घंटों बात करता रहता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *