वुहान: (मानवीय सोच) चीन के वुहान शहर में कई जगहों पर हजारों लोगों ने “नई चिकित्सा उपचार नीति” के खिलाफ मार्च निकाला. दस हज़ार के करीब लोग बुधवार (15 तारीख) को झोंगशान पार्क और जिफ़ांग एवेन्यू में प्रदर्शन करने के लिए एकत्र हुए. प्रदर्शनकारियों ने मांग की ‘नई चिकित्सा उपचार नीति’ को सरकार वापस ले. इस दौरान उन्होंने अपनी एकता और एकजुटता को प्रदर्शित करने के लिए ‘एकता शक्ति है’ नारे लगाए. इस प्रदर्शन में वुहान के सेवानिवृत्त कर्मचारी और नागरिक भी शामिल हुए. उनका कहना है कि स्वास्थ्य देखभाल सब्सिडी में कटौती उनकी आर्थिक स्थिति को खराब कर देगी.
मुद्दा क्या है?
दरअसल, चीनी सरकार ‘नई चिकित्सा उपचार नीति’ लेकर आयी है, जिसमें सरकार ने मासिक चिकित्सा सब्सिडी को 260 युआन से घटाकर 100 युआन कर दिया है. इस नीति से आम नागरिक तो प्रभावित होंगे ही, साथ में शहर के लगभग 2 मिलियन सेवानिवृत अधिकारी भी प्रभावित होंगे. बुधवार सुबह 8 बजे, वुहान में बड़े पैमाने पर लोगों का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. लोगों ने ‘नई चिकित्सा उपचार नीति’ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. साथ में प्रदर्शनकारियों ने एकता में बल है, एकता में बल है… के नारे लगाए.
सुबह से लगने लगा जमावड़ा
सुबह से ही हज़ारों की संख्या में प्रदर्शनकारी वुहान में झोंगशान पार्क और जिफ़ांग एवेन्यू के प्रवेश द्वार पर एकत्रित होने लगे थे और साथ में ‘एकता में शक्ति है’ के नारे लगा रहे थे. बहुत से लोग जेल भरने के लिए पुलिस की गाड़ी में बैठे जबकि कई अन्य पार्क में बैठे रहे. पार्क के गेट पर पुलिस सादी वर्दी में तैनात थी. वहीं, मिली जानकारी के अनुसार, पिछले बुधवार को वुहान में हजारों की संख्या में लोगों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था और वार्निंग दी थी कि सरकार इस नई नीति को वापस नहीं लेती है तो अगले बुधवार को फिर से प्रदर्शन किया जाएगा, जैसा की आज हुआ.
