चित्रकूट (मानवीय सोच) चित्रकूट जेल में बंद विधायक अब्बास अंसारी से नियमों के विपरीत मिलने वाली उसकी पत्नी निखत का चित्रकूट में एक दो दिन नहीं बल्कि लगभग दो माह तक डेरा रहा। इस दौरान उसने और उसके चालक नियाज ने सपा नेता फराज खान की मदद से जेल के अधिकारियों तक पैठ बनाई।
इसका नतीजा यह रहा कि कुल 54 दिन के प्रवास में वह बेखौफ होकर 36 दिन पति विधायक से मिलने जेल गई थी। जेल के अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका की जांच चल रही है इसमें नियमानुसार निलंबन के अलावा भी कार्रवाई होगी।
सोमवार को चित्रकूटधाम मंडल के डीआईजी विपिन मिश्रा ने रात को एसपी कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर बताया कि पुलिस रिमांड में मिली जानकारी के आधार पर सपा के जिला महासचिव को हिरासत में लिया गया है। अन्य सहयोगियों की तलाश में उसके घर में छापेमारी की गई है।
निखत व उसके परिजनों की मदद करने वालों की लंबी चेन है। इसकी कडियां जोड़ी जा रही हैं। इस नेता की जेल अधिकारियों व कर्मचारियों को नगदी व गिफ्ट देने के अलावा हर मामले में मध्यस्थता की प्रमुख भूमिका है। मकान दिलाने व अन्य सुविधाओं के अलावा रुपये के लेनदेन, नगदी, बैंक से लेनदेन, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन व लाने लेजाने का भी काम किया है।
