अवध चौराहे का बदलेगा डिजाइन, खत्म होगा जाम का झाम

लखनऊ  (मानवीय सोच)  दिनभर जाम झेलने वाले अवध चौराहे पर ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए इसका डिजाइन बदला जा रहा है। साथ ही डिवाइडर की लंबाई बढ़ाने के साथ पुलिस चौकी को भी हटाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी ने शनिवार से यहां अतिक्रमण हटवाना शुरू करवा दिया। इन बदलावों को लेकर विभाग दो दिन बाद पुलिस के साथ सात दिन का ट्रायल शुरू करेगा। यह सफल रहने पर बदलावों को स्थायी किया जाएगा।

अवध चौराहे पर जाम की समस्या और लापरवाही को लेकर अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने शनिवार को मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उनका कहना है कि रोटरी से सड़कों की नपाई कर सीमाएं तय करें। सड़कों पर हुए अतिक्रमण और बीच में आ रहे खंभे, बॉक्स भी हटवाए जाएं। उन्होंने पुलिस चौकी को हटवाकर ऐसी जगह रखने के लिए कहा, जिससे ट्रैफिक बाधित न हो।

पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता (प्रांतीय खंड) मनीष वर्मा ने बताया कि अवध चौराहा के ड्रोन सर्वे के बाद अस्थायी रूप से कुछ बदलाव किए जा रहे हैं। ट्रायल में सफल रहने पर इन्हें स्थायी किया जाएगा। दो दिन बाद इस ट्रायल को शुरू कराने का प्रयास है, जिसमें पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा।

वर्मा ने बताया कि कानपुर से हरदोई, एक्सप्रेस वे जाने के लिए टर्न पर लेन को चौड़ा किया जा रहा है। इसके लिए साइड पटरी की चौड़ाई कम करते हुए पुलिस चौकी व आसपास हुए अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। इससे टर्न से भारी वाहन आसानी से मुड़ जाएंगे और ट्रैफिक नहीं फंसेगा। आलमबाग की ओर से रोटरी की दूरी प्लास्टिक बोलार्ड लगाकर कम की जा रही है। मंडलायुक्त ने यह भी बताया कि 12 प्रमुख चौराहों से जाम हटाने के लिए जंक्शन इंप्रूवमेंट सिस्टम के तहत काम किया जाएगा। इसमें अवध व पॉलिटेक्निक चौराहा, नवनीत राय गेट निशातगंज, दुबग्गा चौराहा, कमता और चिनहट जैसे चौराहे और तिराहे शामिल हैं।

चौराहे पर किए जा रहे बदलाव

– चारबाग से कानपुर जाते वक्त रोटरी से पहले डिवाइडर करीब 25 मीटर पहले खत्म हो जाता है। इसे घटाकर 11.5 मीटर दूर किया जाएगा। इससे वहां वाहनों को खड़ा होने से रोका जा सकेगा। बेहतर ट्रैफिक के लिए 11.5 मीटर न्यूनतम दूरी रोटरी से डिवाइडर की होनी चाहिए।

– कानपुर से हरदोई की तरफ जाने के लिए दो फीट तक अतिरिक्त चौड़ाई लेफ्ट टर्न लेन पर बढ़ाई जाएगी।

– पुलिस चौकी के आगे प्रीकास्ट डिवाइडर के बाएं तरफ के इलाके को नो एक्टिविटी जोन बनाया जाएगा। इससे यहां वाहन बिना रुके सीधे आगे जा सकेंगे। इससे भी चौराहे पर वाहनों का दबाव कम होगा।

– वीआईपी रोड से कानपुर रोड की तरफ जाने के लिए बनी लेफ्ट टर्न लेन के अतिक्रमण को भी हटवाया जा रहा है। इसके अलावा सर्वे में मिले रॉग साइड पर पुलिस वाहनों का आना बंद कराएगी।

अहिमामऊ चौराहे पर भी सुधरेंगे हालात
मंडलायुक्त ने अहिमामऊ चौराहा पर भी ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए निरीक्षण किया। उन्होंने अहिमामऊ अंडरपास से एयरपोर्ट की तरफ जाने के लिए सड़क को चौड़ा करने के लिए कहा। एनएचएआई रविवार से यह काम शुरू करेगा। लेसा को भी अपने काम तेजी से पूरे कराने के लिए कहा। इसके बाद एलडीए और नगर निगम अतिक्रमण हटवाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *