नई दिल्ली (मानवीय सोच) रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को भारतीय वायु सेना के लिए 6,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 70 HTT-40 बेसिक ट्रेनर विमान खरीदने के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के साथ एक समझौते पर मुहर लगा दी है।
मंत्रालय ने 3,100 करोड़ रुपये से अधिक के तीन कैडेट प्रशिक्षण जहाजों के अधिग्रहण के लिए लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड (एलएंडटी) के साथ एक कॉन्ट्रैक्ट को भी अंतिम रूप दिया। दोनों खरीद प्रस्तावों को 1 मार्च को प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) द्वारा मंजूरी दे दी गई थी।
HCL और L&T के साथ समझौता
मंत्रालय ने कहा, “रक्षा मंत्रालय ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) से 70 HTT-40 बेसिक ट्रेनर एयरक्राफ्ट और लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड (L&T) के साथ तीन कैडेट प्रशिक्षण जहाजों की खरीद के लिए कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर किया है।”
HAL छह साल की अवधि में 70 HTT-40 विमान प्रदान करेगा, जहाजों की डिलीवरी 2026 से शुरू होने वाली है। रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने, मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ नागरिक और सैन्य अधिकारियों और HAL के प्रतिनिधियों के साथ और एल एंड टी अनुबंध हस्ताक्षर समारोह में उपस्थित रहे थे।
स्वेदशी सामग्री से बनेगा एचटीटी-40
मंत्रालय के अनुसार, एचटीटी-40 एक टर्बो प्रोप विमान है, जिसमें कम गति से निपटने के गुण हैं और यह बेहतर प्रशिक्षण प्रभावशीलता प्रदान करता है। अधिकारियों ने कहा कि एचटीटी-40 में लगभग 56 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री है, जो प्रमुख घटकों और उप-प्रणालियों के स्वदेशीकरण के माध्यम से धीरे-धीरे बढ़कर 60 प्रतिशत से अधिक हो जाएगी।
