प्रयागराज (मानवीय सोच) इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायमूर्ति के रूप में वरिष्ठ न्यायमूर्ति प्रीतिंकर दिवाकर को रविवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह चीफ जस्टिस की कोर्ट में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की तरफ से मंत्री सुरेश खन्ना, चीफ सेक्रेटरी उत्तर प्रदेश, महाधिवक्ता अजय मिश्रा, अपर महाधिवक्ता एमसी चतुर्वेदी, नीरज त्रिपाठी, मनीष गोयल तथा न्यायिक अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में वरिष्ठ व जूनियर वकील उपस्थित रहे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह ठीक 11:00 बजे चीफ जस्टिस कोर्ट में संपन्न हुआ। शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्यपाल ने सारे जजों से मुलाकात की। राज्यपाल के साथ फोटो सेशन का भी कार्यक्रम संपन्न हुआ। शपथ ग्रहण समारोह में इलाहाबाद और लखनऊ बेंच के न्यायमूर्ति गण उपस्थित रहे। मुख्य न्यायाधीश के परिवारी जन तथा रिश्तेदार एवं मध्य प्रदेश के कार्यरत जज भी इस समारोह में शामिल हुए।
