नई दिल्ली: (मानवीय सोच) प्रवर्तन निदेशालय की छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर छापेमारी चल रही है. छत्तीसगढ़ कोयला घोटाले में दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में छापेमारी हो रही है. रायपुर और भिलाई समेत कई शहरों में प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी चल रही है.
जानकारी के अनुसार, 15 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी चल रही है. कांग्रेस पार्टी के छत्तीसगढ़ के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के यहां छापेमारी हो रही है. इसके साथ ही जेल में बंद सुनील अग्रवाल के यहां भी छापेमारी हो रही है.
यह है मामला
आपको बता दें कि कोयला लेवी धनशोधन (कोयला घोटाला) मामले में 20 फरवरी 2023 को भी ईडी ने छत्तीसगढ़ में छापा मारा था. यह छापेमारी राज्य की राजधानी रायपुर में 24-26 फरवरी तक कांग्रेस के तीन दिवसीय पूर्ण अधिवेशन से पहले हुई थी. राज्य में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार है.
कोयला लेवी धनशोधन के बारे में बताया जाता है कि वरिष्ठ नौकरशाहों, व्यापारियों, राजनीतिक नेताओं और बिचौलियों से जुड़े एक ‘गिरोह’ द्वारा छत्तीसगढ़ में प्रत्येक टन कोयला ढुलाई पर 25 रुपये की अवैध उगाही की जा रही थी.”
