लखनऊ (मानवीय सोच) पुलिस भर्ती के लिए एक अभ्यर्थी ने वेटलिफ्टिंग का फर्जी प्रमाण पत्र लगाया था। जांच में यह बात सामने आने पर पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के सीओ दीपचंद यादव ने लखनऊ के हुसैनगंज थाने एफआईआर दर्ज कराई है। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी सीधी भर्ती-2022 में 534 पदों पर कुशल खिलाड़ियों की भर्ती होनी थी। जिसका 28 सिंतबर को विज्ञापन जारी हुआ था। बागपत कान्हड तालीपुर निवासी उज्जवल ने फार्म भरते वक्त 89 किलो भार वर्ग का खिलाड़ी होने का दावा किया था।
आरोपी ने नोएडा स्थित भारतीय भारतोलन संघ की तरफ से जारी प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत किया। जिसके आधार पर 16 फरवरी 2023 से 17 फरवरी 2023 तक कानपुर रोड स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साईं) में हुए कौशल प्रशिक्षण शिविर में उज्जवल शामिल हुआ। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के सीओ दीपचंद यादव ने सीओ के अनुसार सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र संबंधित खेल संघ व संस्था के पास सत्यापन के लिए भेजे गए थे।
