यूपी (मानवीय सोच) आजमगढ़ जिले में भाजपा एमएलसी रामसूरत राजभर के पुत्र संग मारपीट के आरोपी दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। गुरुवार शाम घटी इस घटना की जांच का जिम्मा सीओ फूलपुर को सौंपा गया है। अहरौला थाना क्षेत्र के मक्खापुर गांव निवासी रामसूरत राजभर को भाजपा ने कुछ दिन पहले ही एमएलसी मनोनीत किया है।
गुरुवार को एमएलसी के छोटे पुत्र शगुन राजभर बाइक से अपनी बहन को लेकर दवा दिलाने के लिए माहुल बाजार जा रहे थे। इसी दौरान पीछे चल रहे बाइक सवार माहुल चौकी पर तैनात दो सिपाहियों ने हार्न बजाया। जिस पर शगुन ने अपनी बाइक को किनारे लगाया।
आरोप है कि पीछे से पहुंचे बाइक सवार सिपाहियों ने बगैर कुछ कहे शगुन को थप्पड़ जड़ दिए। विरोध करने पर एमएलसी पुत्र के साथ गाली-गलौज भी पुलिसकर्मियों ने की। घटना के बाबत एमएलसी पुत्र ने थाने पर तहरीर दी। लखनऊ में मौजूद एमएलसी रामसूरत राजभर ने फोन से इसकी शिकायत एसपी अनुराग आर्य से की।
