लखनऊ (मानवीय सोच) परिवहन निगम की वेबसाइट के सर्वर पर साइबर हमला कर डाटा हैक किया गया है। साथ ही बिटकॉइन में 40 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। साइबर हमलावरों ने दो दिन का वक्त दिया है और तय वक्त में फिरौती न देने पर यह रकम बढ़ाकर 80 करोड़ करने की धमकी दी है।
निगम के जीएम आईटी यजुवेंद्र सिंह ने बुधवार देर रात साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। परिवहन निगम ने ओरियन प्रो कंपनी ऑनलाइन टिकटिंग सिस्टम की जिम्मेदारी दे रखी है। कंपनी के डाटा सेंटर पर मंगलवार को साइबर हमला हुआ। इससे सर्वर का पूरा डाटा हैक हो गया। ई-टिकटिंग व्यवस्था ध्वस्त हो गई। अटैक के साथ ही सर्वर पर फिरौती का मैसेज फ्लैश कराया गया।
रैनसमवेयर हमला किया गया
शुरुआती जांच में पुष्टि हुई है कि यह हमला रैनसमवेयर है। ऐसे हमलों में फिरौती मांगने वाले सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जाता है। हमले में सर्वर की फाइलों को इनक्रिप्ट कर दिया गया है और डिजास्टर रिकवरी क्लाउड का भी डाटा इनक्रिप्ट हो गया है। अब डाटा का रिकवरी कर पाना बेहद मुश्किल है।
